तीनपहाड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की प्रवर्तन कार्रवाई, खाद्य प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण

360°

Eksandeshlive Desk

साहिबगंज: जिले के तीनपहाड़ क्षेत्र में शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग, साहिबगंज की ओर से खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, साहिबगंज के निर्देश पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई। अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी नौरंगदेव कुमार एवं आशीष कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, लेबलिंग, निर्माण एवं समाप्ति तिथि सहित अन्य अनिवार्य खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा चिन्हित 115 खाद्य उत्पादों को लेकर भी विशेष जांच की गई। इन उत्पादों को भ्रामक विज्ञापन एवं भ्रामक दावों के संबंध में चिन्हित किया गया है।

विभाग द्वारा बताया गया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की ओर से उपलब्ध कराई गई संबंधित सूची को खाद्य कारोबारियों एवं आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से संलग्न किया जा रहा है। खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया गया कि खाद्य उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं बिक्री के दौरान किसी भी प्रकार के भ्रामक विज्ञापन अथवा भ्रामक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी दावे नहीं किए जाएं। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा इसके तहत बनाए गए नियमों एवं विनियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित खाद्य कारोबारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जहां खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति पाई गई, वहां नियमानुसार आवश्यक प्रवर्तन कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, लेबलिंग, विज्ञापन एवं भ्रामक दावों से संबंधित प्रावधानों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए आगे भी लगातार निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाए जाएंगे।

Spread the love