बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचा जिला प्रशासन, राहत सामग्री वितरित कर हरसंभव मदद का दिया भरोसा

360°

Eksandeshlive Desk

साहिबगंज: जिले में बाढ़ की विषम परिस्थितियों के बीच प्रभावित परिवारों तक राहत एवं प्रशासनिक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द एवं अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू ने सदर प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। पदाधिकारियों ने रामपुर, बलुआ टोली, दुर्गास्थान, टोपरा समेत अन्य बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों के बीच आवश्यक खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। वहीं, बाढ़ के कारण पशुपालकों के सामने उत्पन्न चारा की समस्या को देखते हुए पशुओं के लिए चारा भी उपलब्ध कराया गया।

ग्रामीणों से संवाद के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ खड़ा है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को आवश्यकतानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करने, आवश्यक खाद्य सामग्री एवं अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार राहत सामग्री एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई जारी है।

Spread the love