बरहरवा प्रखंड कार्यालय में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि, अधिकारियों-कर्मियों ने रखा मौन

360° Ek Sandesh Live

SUNIL KUMAR

साहिबगंज/बरहरवा: जिले के बरहरवा प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को मंत्री स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। शोकसभा में प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा कुछ क्षण का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों ने स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन क्षेत्र और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी और अपने कार्यों के माध्यम से लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई।

शोकसभा में उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकारों और जनहित में किए गए कार्यों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा। उनके निधन से उत्पन्न शून्य की भरपाई करना कठिन है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रखंड प्रशासन उनके परिवार के साथ खड़ा है। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। शोकसभा में बीडीओ सन्नी कुमार दास, सीओ अनोज कुमार, विजय कुमार समेत प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Spread the love