पेट्रोल पंप पर फायरिंग, पीएलएफआई के नाम पर मांगी 10 लाख की रंगदारी

Crime

Eksandeshlive Desk

खूंटी: शहर के व्यस्त भगत सिंह चौक स्थित पेट्रोल पंप पर बुधवार रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने पेट्रोल पंप पर गोली चलाने के बाद कथित रूप से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआइ के नाम का पर्चा छोड़ा और तोरपा रोड की ओर फरार हो गए। पर्चे में पेट्रोल पंप संचालक अमित साहू से दो दिनों के भीतर 10 लाख रुपये रंगदारी देने की मांग की गई है। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। घटना देर रात की बतायी जा रही है। उस समय अमित साहू पेट्रोल पंप पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान चेहरे पर कपड़ा बांधे दो युवक बाइक से वहां पहुंचे। एक अपराधी ने गोली चलाई और दोनों पर्चा छोड़कर बाइक से फरार हो गए।

फायरिंग की आवाज सुनकर पंप पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ मंगल सिंह जमुदा और सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और कथित पीएलएफआइ पर्चा बरामद किया। पर्चा कथित जोनल कमांडर राजेश यादव के नाम का बताया जा रहा है। पुलिस इसकी सत्यता की जांच कर रही है। पंप संचालक अमित साहू ने पुलिस को बताया कि उन्हें पहले भी दो-तीन बार धमकी मिल चुकी है। कुछ वर्ष पूर्व परवल स्थित उनके घर पर हमला किए जाने की बात भी उन्होंने बताई। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों अपराधियों की पहचान में जुटी है। थाना प्रभारी ने पंप पर एक गोली चलने की पुष्टि की है।

Spread the love