मप्र के आगर मालवा जिले में ओडिशा के श्रद्धालुओं की कार नाले में बही, 8 की मौत

NATIONAL

ओडिशा से मां बगलामुखी के दर्शन करने आए थे 7 श्रद्धालु, उज्जैन से किराए से ली थी कार

Eksandeshlive Desk

आगर मालवा: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में शुक्रवार देर रात मां बगलामुखी मंदिर के पास बड़ा हादसा हो गया। यहां मंदिर के पास ओडिशा के श्रद्धालुओं से भरी एक कार बरसाती नाले के तेज बहाव में बह गई। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। सभी सात श्रद्धालु ओडिशा के रहने वाले थे। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने शनिवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में 7 लोग ओडिशा के रहने वाले थे, जबकि कार ड्राइवर अरुण गोयल आगर मालवा के बड़ौद का निवासी था। हादसे के बाद तेज बहाव में कार पुलिया से करीब 100 मीटर तक नाले में बह गई। पानी के तेज बहाव के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। रेस्क्यू टीम ने कार को नाले से बाहर निकालकर शवों को बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, ओडिशा के रहने वाले 7 लोग आगर मालवा के नलखेडा स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन करने के लिए आए थे। उन्होंने उज्जैन से कार किराए पर थी। सभी लोग शुक्रवार को मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए नलखेड़ा पहुंचे, तभी यह हादसा हो गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्थानीय लोगों ने रस्सी बांधकर कार को नाले से बाहर खींचा। इसके बाद पुलिस ने कार में फंसे लोगों के शवों को निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौजूद है। हादसे में मृत कार ड्राइवर की पहचान अरुण गोयल के रूप में हुई है। वह सुदवास, बड़ौद, जिला आगर मालवा का निवासी था। हादसे के बाद प्रशासन ने उसकी पहचान की पुष्टि की है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। अंबेडकर चौराहे पर चक्काजाम कर दिया है। मौके पर कलेक्टर शेर सिंह मीणा और एसपी दिलीप कुमार सोनी समेत प्रशासनिक अमला मौजूद है। पुलिस अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी है।

पुलिस अधीक्षक सोनी ने बताया कि घटना रात करीब 1:30 बजे की है। उस समय तेज बारिश हुई थी। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव बढ़ने से हादसा हुआ होगा। उन्होंने बताया कि कार उज्जैन पासिंग थी और उज्जैन की ही थी। कार के यहां आने-जाने और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मंदिर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। हादसे के बाद यहां की व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरतों को देखा जा रहा है।

Spread the love