खुद को पुलिसकर्मी बताकर लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Ek Sandesh Live

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में खुद को पुलिसकर्मी बताकर लूटपाट करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दयानंद कुमार ने शनिवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोलकाता के आजादगढ़, टॉलीगंज निवासी बंटी गुहा (38) और मानगो निवासी इम्तियाज खान (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को एमजीएम थाना क्षेत्र के आरवीएस एकेडमी, डिमना के पास आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर बिरेन दास को केस मैनेज कराने का झांसा दिया। इसके बाद उसे गोलमुरी के एक सुनसान स्थान पर ले जाकर डराया-धमकाया और उसके पास से 25,600 रुपये नकद, बाइक और दो मोबाइल फोन लूट लिए। घटना के संबंध में 13 सितंबर को एमजीएम थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी बंटी गुहा का कदमा और सीतारामडेरा थाना समेत अन्य थाना क्षेत्रों में आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों आरोपियों को पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Spread the love