रांची: झारखंड स्वास्थ्य सेवा संघ (झासा) ने डॉक्टरों की नियुक्ति, प्रमोशन व सेवा शर्तों से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। रविवार को आईएमए में झासा की हुई जनरल बॉडी मीटिंग में डॉक्टरों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। संघ ने कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया, तो 5 अक्टूबर से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना व 22 अक्टूबर से कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया जा सकता है।
झासा के सचिव डॉ. मृत्युंजय ठाकुर के अनुसार, बैठक में मुख्य रूप से तीन मुद्दों पर चर्चा हुई। इनमें संविदा के आधार पर डॉक्टरों की नियुक्ति, डायनेमिक एसीपी व झारखंड लोक सेवा आयोग के माध्यम से रिक्त पदों पर नियमित नियुक्ति शामिल है। संघ ने संविदा आधारित चिकित्सा नियुक्ति का विरोध किया है।
झासा ने राज्य के योग्य व विशेषज्ञ डॉक्टरों को नियमित नियुक्ति का अवसर देने की मांग की है। संघ का कहना है कि डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए स्थायी भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
