Eksandeshlive Desk
रांची: आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके में बने डीप डिप्रेशन (गहन अवदाब) 27 सितंबर से कमजोर पडेगा। इससे राज्य भर में 28 सितंबर से बारिश से राहत मिलेगी। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने गुरुवार को बताया कि 25 सितंबर को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और इससे लगे उत्तरी जिले (हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह और देवघर) में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। साथ ही इन जिलों 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवा चल सकती है। इसे लेकर विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 26 और 27 सितंबर को भी गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवा चलने की संभावना है।
वहीं रांची सहित आसपास के इलाकों में शुक्रवार को भी बारिश हो सकती है। आनंद ने बताया कि रांची में शुक्रवार को भारी बारिश में कमी आएगी। इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश 128.6 मिलीमीटर धनबाद जिले के बाघमारा में दर्ज की गई। इस दौरान रांची में 52 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं राज्य में सबसे अधिक तापमान 30.6 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री और न्यूनतम 21.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 28.3 डिग्री और न्यूनतम 23.7 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 30.6 और न्यूनतम 24.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 28.1 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
