MUSTFA
मेसरा (रांची): मनन विद्या मनरखन महतो स्कूल में करमा पर्व के अवसर पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को झारखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराना था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने करमा पर्व से जुड़े लोकगीत,मनमोहक नृत्य और आकर्षक लघु नाटिका प्रस्तुत की। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने प्रकृति-पूजा, भाई-बहन के अटूट प्रेम और लोकपरंपराओं के महत्व को दर्शाया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों से पूरा विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में सराबोर हो गया।
प्राचार्या रेखा नायडू ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर स्कूल के चेयरमैन मनरखन महतो, उर्मिला देवी, ट्रस्टी वीरेन्द्रनाथ ओहदार, खुशबू सिंह, कृति काजल, डायरेक्टर मनोज कुमार महतो, प्रबंधक मुकेश कुमार, एडमिनिस्ट्रेटर मीना कुमारी, पूनम कुमारी सहित सभी शिक्षकगण मौजूद रहे।
