रेस्टोरेंट में विवाद के बाद चली गोलियां, चार लोग घायल

Crime

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम: सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल परिसर में शनिवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे लोगों का कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया और इसी दौरान आरोप है कि तीन-चार युवकों ने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग में चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर बाइक से मौके से फरार हो गए। घायलों की पहचान डोमिनिक सैमसन, एमडी रिजवान, एमडी दिलशाद और कृष्ण चौधरी के रूप में बताई जा रही है। डोमिनिक सैमसन आदित्यपुर, एमडी रिजवान आजादनगर और एमडी दिलशाद कपाली क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद टीएमएच में भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डोमिनिक सैमसन, एमडी रिजवान और एमडी दिलशाद उडुपी रेस्टोरेंट में मौजूद थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर उनके साथ विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। इसके बाद युवकों ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। अचानक गोलियां चलने से मॉल परिसर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना के दौरान करीब 12 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फायरिंग की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस के साथ पुलिस के वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। एसएसपी एहतेशाम वकारिब, ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, सिटी एसपी ललित मीणा और डीएसपी मनोज ठाकुर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में कोल्हान रेंज के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा भी बिंदल मॉल पहुंचे और पूरे मामले की जांच में जुट गए। डीआईजी ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हमलावर किस दिशा से आए थे और फायरिंग के बाद किस रास्ते से फरार हुए। पुलिस को आशंका है कि बाइक सवार हमलावरों ने पहले से रेकी कर रखी थी, हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। घायलों के पूर्व आपराधिक इतिहास को लेकर भी स्थानीय स्तर पर चर्चा है। डोमिनिक सैमसन को जमीन कारोबार से जुड़े व्यक्ति के रूप में बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने घायलों के आपराधिक रिकॉर्ड या फायरिंग के पीछे किसी विशेष कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस घायलों के बयान को जांच में महत्वपूर्ण मान रही है। उनके बयान के आधार पर विवाद की शुरुआत, हमलावरों की पहचान और फायरिंग के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद मरीन ड्राइव और बिंदल मॉल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी है। डीआईजी की निगरानी में पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

Spread the love