पलामू से लापता तीन नाबालिग बिहार के गोपालगंज से बरामद

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू: पलामू के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र से तीन नाबालिग बच्चियों के लापता होने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीनों बच्चियों को बिहार- उत्तरप्रदेश सीमा गोपालगंज से बरामद कर लिया है। बच्चियों के बरामद होने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। फिलहाल तीनों पुलिस अभिरक्षा में हैं और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द करने की कार्रवाई की जा रही है। जिले के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने रविवार को इसकी पुष्टि की है। मामले को लेकर बच्चियों में से एक की मां ने 24 सितंबर को शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी के अनुसार तीनों बच्चियां 21 सितंबर को घर से निकली थीं और इसके बाद वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को लिखित सूचना दी गई।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) और 96 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच का जिम्मा पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार द्विवेदी को दिया गया। बच्चियों के परिजन ने दूरभाष पर बताया कि पुलिस की सक्रियता के कारण उनकी बच्चियां सकुशल बरामद हो गई हैं। पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि 24 सितंबर को शहर थाना को सूचना प्राप्त हुई कि 21 सितंबर को तीन नाबालिग बालिकाएं, जिनमें दो चचेरी बहनें एवं एक उनकी सहपाठी है, बिना बताए घर से कहीं चली गई हैं। इस संबंध में शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित अनुसंधान प्रारंभ किया गया एवं लगातार छापेमारी की गई। 27 सितंबर को तीनों बालिकाओं को गोपालगंज (बिहार–उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र) से सकुशल बरामद कर लिया गया है। तीनों बालिकाओं से पूछताछ एवं अग्रिम विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। प्राथमिक जांच में तीनों बच्चियों द्वारा घूमने के उद्देश्य से बिना बताये घर से जाने की बात सामने आई है। अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

Spread the love