एशियन खेल 2026: नीरू धांडा ने ट्रैप में रचा इतिहास, एशियाई रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण

Sports

Eksandeshlive Desk

आइची-नागोया: भारतीय निशानेबाज नीरू धांडा ने एशियन खेल 2026 में महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। नीरू ने फाइनल में 28 हिट का स्कोर करते हुए नया एशियाई खेल रिकॉर्ड बनाया। यह इस स्पर्धा में भारत का पहला पदक और एशियन खेल 2026 में भारत का पांचवां स्वर्ण पदक है। साथ ही, यह मौजूदा खेलों में भारत का पहला व्यक्तिगत स्वर्ण भी है। नीरू ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी। उन्होंने कुल 28 निशाने सही लगाए। चीन की निशानेबाज ने 26 हिट के साथ रजत पदक जीता, जबकि कुवैत की खिलाड़ी 21 हिट के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रहीं। नीरू का 28 हिट का स्कोर नया एशियाई खेल रिकॉर्ड भी है। इससे पहले इस स्पर्धा का रिकॉर्ड 24 हिट का था, जो चीन की लियू वान-यू के नाम था और उन्होंने यह रिकॉर्ड इसी साल जनवरी में बनाया था। यह नीरू का एशियन खेल में महिलाओं की व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में पहला पदक है। इससे पहले मंगलवार को नीरू, आशिमा अहलावत और मनीषा कीर की भारतीय टीम ने महिलाओं की ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता था। उस मुकाबले में नीरू ने व्यक्तिगत क्वालीफिकेशन में 118 अंक हासिल कर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार रिकॉर्ड: 25 मई 2000 को हरियाणा के जींद में जन्मीं नीरू धांडा महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा में भारत की प्रमुख निशानेबाजों में शामिल हैं। उन्होंने 2022 में ओसियेक में आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया और इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। 2025 में नीरू ने महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा में एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक जीता। 2026 में उन्होंने इटली के लोनाटो में आयोजित आईएसएसएफ शॉटगन विश्व कप में महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा का स्वर्ण जीतकर इतिहास रचा और इस प्रतियोगिता में व्यक्तिगत स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। उन्होंने इसी साल कजाकिस्तान के अलमाटी में आईएसएसएफ विश्व कप के ट्रैप मिश्रित टीम वर्ग में कांस्य पदक भी जीता। नीरू को खेल मंत्रालय की टॉप्स योजना के तहत भी सहायता मिल रही है। उन्हें उपकरण, गोला-बारूद, आवास एवं भोजन और अन्य प्रशिक्षण संबंधी सहायता प्रदान की गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार टॉप्स के तहत एक लाख रुपये और एसीटीसी के तहत 25,09,620 रुपये की वित्तीय सहायता मिली है। नीरू के इस स्वर्ण के साथ एशियन खेल 2026 में भारत के पांच स्वर्ण हो गए हैं।

परवीन हुड्डा ने 65 किग्रा फाइनल में बनाई जगह, रजत पदक पक्का: भारतीय मुक्केबाज परवीन हुड्डा ने एशियन खेल 2026 में महिलाओं के 65 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। निशियो जिम्नेजियम में मंगलवार को खेले गए सेमीफाइनल में परवीन ने चीन की ली शू को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराया। परवीन ने मुकाबले के तीनों राउंड में अपना दबदबा बनाए रखा। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में मुक्केबाजी की और ली शू को वापसी का ज्यादा मौका नहीं दिया। निर्णायकों ने सर्वसम्मति से मुकाबला भारतीय मुक्केबाज के पक्ष में दिया। इस जीत के साथ परवीन ने अपना रजत पदक पक्का कर लिया है और अब वह शुक्रवार को स्वर्ण पदक के लिए चीनी ताइपे की चेन निएन-चिन से भिड़ेंगी। परवीन ने इससे पहले क्वार्टर फाइनल में उज्बेकिस्तान की नवबहोर खामिदोवा को 5-0 से हराया था। खामिदोवा 2025 विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता हैं। इससे पहले परवीन को शुरुआती दौर में वॉकओवर मिला था। पिछले एशियन खेल में परवीन ने कांस्य पदक जीता था। हालांकि, बाद में अप्रैल 2022 से मार्च 2023 के बीच व्हेयरअबाउट्स नियमों के उल्लंघन के कारण उनका वह पदक छिन गया था। निलंबन पूरा करने के बाद उन्होंने 2025 के अंत में वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल्स में स्वर्ण पदक जीतकर वापसी की थी। इसके बाद राष्ट्रमंडल खेलों में उन्हें शुरुआती मुकाबले में साचा हिकी के खिलाफ करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय मुक्केबाजी टीम ने पिछले हांगझोऊ एशियन खेल में चार पदक जीते थे, जिसमें एक रजत और तीन कांस्य शामिल थे। इस बार भारत के कई मुक्केबाज पदक दौर में पहुंच चुके हैं। पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग में अंकुश पंघाल और पुरुषों के 90 किग्रा से ऊपर वर्ग में नरेंद्र बेरवाल भी सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। भारतीय मुक्केबाजी टीम के अन्य खिलाड़ी भी अलग-अलग वर्गों में पदक की दौड़ में बने हुए हैं।

भारतीय महिला ट्रैप टीम ने जीता रजत, नीरू धांडा व्यक्तिगत फाइनल में: भारतीय महिला ट्रैप निशानेबाजी टीम ने एशियाई खेल 2026 में मंगलवार को रजत पदक जीता। चीन ने 346 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कुवैत 325 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। व्यक्तिगत क्वालीफिकेशन में नीरू ने 118 अंक हासिल किए और फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। आशिमा 106 अंकों के साथ 16वें और मनीषा 104 अंकों के साथ 23वें स्थान पर रहीं। क्वालीफिकेशन में कुल 27 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया।

Spread the love