कोलेबिरा (सिमडेगा)। लसिया बाजार में महिलाओं के पैसे चोरी करने के आरोप में कोलेबिरा पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार महिला के पास से चोरी की गई नकद राशि 3,500 रुपये बरामद करने का दावा किया है। मामले में कोलेबिरा थाना कांड संख्या 67/2026, दिनांक 2 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2)/317(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, कांड की वादिनी सुनीता देवी (28 वर्ष), पति कुलवंत नायक, ग्राम जामडीह, थाना कुरकुरा, जिला गुमला के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। आवेदन में आभा बाई, पति दीपक राम, ग्राम डोडका, चोरा थाना एवं जिला जशपुर के विरुद्ध लसिया बाजार में वादिनी एवं अन्य महिलाओं के पैसे चोरी करने का आरोप लगाया गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले का सत्यापन करते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला के पास से चोरी की नकद राशि कुल 3,500 रुपये बरामद की गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए 3 अक्टूबर 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई में कोलेबिरा थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार तथा सअनि जगबन्धु हाजरा एवं सशस्त्र बल शामिल रहे।
