कान्हाचट्टी (चतरा): प्रखंड क्षेत्र के टटरा गांव के समीप स्थित कुदर नदी में इन दिनों अवैध बालू माफियाओं का तांडव चरम पर है। राजपुर थाना से महज 400 मीटर की दूरी पर स्थित इस स्थल से प्रतिदिन बेखौफ होकर दर्जनों ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध बालू का उठाव और परिवहन किया जा रहा है। ना के इतने करीब जारी इस अवैध कारोबार से सरकारी राजस्व को तो चूना लग ही रहा है, साथ ही नदी का प्राकृतिक अस्तित्व और जलीय पारिस्थिकी तंत्र भी पूरी तरह से ध्वस्त होने की कगार पर है। लगातार हो रहे गहरे कटाव के कारण आसपास के इलाके में जलस्तर गिरने और भू-धंसाव का खतरा बढ़ गया है, जिसे लेकर स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा चरम पर है।
प्रशासन की इस रहस्यमयी चुप्पी पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने जिला खनन पदाधिकारी (DMO) और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि स्थल का निष्पक्ष निरीक्षण कर इस अवैध कारोबार को तुरंत बंद कराया जाए। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि यदि बालू उठाव के लिए कोई वैध अनुमति या चालान नहीं है, तो इसमें लिप्त माफियाओं, ट्रैक्टर मालिकों और चालकों पर एनजीटी (NGT) के नियमों के तहत सख्त कानूनी प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजा जाए।
