घरेलू शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला थमा, सेंसेक्स 473 अंक उछला

Business

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार में जारी गिरावट का सिलसिला आखिरकार थम गया है। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में आई थोड़ी नरमी के कारण बाजार में रौनक लौट आई। इससे घरेलू शेयर बाजार के दोनों सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए। कारोबार के अंत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 472.77 अंक यानी 0.66 फीसदी की उछाल के साथ 72,382.47 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय 722.23 अंक यानी एक फीसदी तक बढ़कर 72,631.93 के स्तर पर पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 133.80 अंक यानी 0.60 फीसदी की बढ़त के साथ 22,555.75 अंक पर बंद हुआ है।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से आईटीसी, इटर्नल, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, अदाणी पोर्ट्स, आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर लाभ में रहे। वहीं, एचसीएल टेक, एचडीएफसी बैंक, सन फार्मा, इन्फोसिस और एशियन पेंट्स के शेयर में गिरावट दर्ज की गई। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और विदेशी पूंजी की लगातार निकासी की वजह से अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय मुद्रा रुपया सोमवार को पांच पैसे की गिरावट के साथ 96.30 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। कारोबार के दौरान भारतीय मुद्रा डॉलर के मुकाबले 96 के अहम स्तर के आसपास सीमित दायरे में रही। अंतरराष्ट्रीय बजार में ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.19 फीसदी बढ़कर 102.4 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा एशियाई शेयर बाजारों में जापान का निक्की 225 दो फीसदी से अधिक चढ़ा, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का एसएसई कम्पोजिट अवकाश के कारण बंद रहे। यूरोपीय बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख रहा। पिछले हफ्ते गुरुवार को सेंसेक्स 570.59 अंक यानी 0.79 फीसदी की गिरावट के साथ 71,909.70 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी 198.50 अंक यानी 0.88 फीसदी टूटकर 22,421.95 पर बंद हुआ था, जबकि गांधी जयंती पर शुक्रवार को शेयर बाजार बंद थे।

Spread the love