शिक्षकों की कमी से नाराज विद्यार्थियों ने पटमदा में सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

Education

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम: जिले के पटमदा स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौरा में शिक्षकों की कमी को लेकर मंगलवार को विद्यार्थियों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। विद्यार्थियों ने सुबह करीब साढ़े 10 बजे पटमदा बाजार स्थित सिदो-कान्हू चौक के पास टाटा-पटमदा मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर बैठे विद्यार्थी शिक्षकों की कमी दूर करने और शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति रद्द कर उन्हें विद्यालय में वापस भेजने की मांग को लेकर नारेबाजी करते रहे।

प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने ‘झूठा वादा बंद करो’ और ‘डेपुटेशन रद्द करो’ जैसे नारे लगाये। करीब दो घंटे तक मुख्य सड़क पर विद्यार्थियों के बैठे रहने से यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी, विधायक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर टुडू, पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता और प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और आंदोलन समाप्त करने का प्रयास किया। करीब दोपहर साढ़े 12 बजे डीईओ और छात्र प्रतिनिधियों के बीच वार्ता सफल हुई। डीईओ ने विद्यालय में तत्काल एक विज्ञान शिक्षक की प्रतिनियुक्ति करने की घोषणा की। इसके साथ ही एसआईआर के कार्य में प्रतिनियुक्त शिक्षक के बुधवार से विद्यालय में योगदान करने की लिखित जानकारी दी गयी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और अपने विद्यालय लौट गये। जाम हटने के बाद टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर वाहनों का परिचालन सामान्य हो गया।

Spread the love