Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने विपक्ष पर “अराजकतावादी मानसिकता” के साथ काम करने और समाज में “विष घोलने” का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष को चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना है तो पहले राहुल गांधी को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। वाराणसी दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद पत्रकारों से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि मैं तो यही कहता हूं कि ये (राहुल गांधी और विपक्ष) अराजकतावादी मानसिकता के लोग हैं, जिन्हें केवल समाज में विष घोलना आता है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा ही था, तो केरल में भी चुनाव इसी चुनाव आयोग ने कराया था। तमिलनाडु में, जहां ये पीछे से सत्ता में पहुंचे हैं, वहां का चुनाव भी इसी चुनाव आयोग ने कराया था।भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि घुसपैठियों को संरक्षण देने का काम नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कर रहे हैं। जो लोग अलग-अलग जगहों से आकर भारत के लोगों का हक मार रहे हैं, उनको हक दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। मैं मानता हूं कि भारत के संसाधनों पर, भारत की संपदा पर, भारत की भूमि पर, यहां के लोगों का हक है। ये जो विदेशी मानसिकता से लोगों को यहां बसाने का प्रयास कर रहे हैं, उसके खिलाफ भारतीय जनता पार्टी हमेशा लड़ेगी।
हर दिन जनता के बीच रहता है भाजपा कार्यकर्ता: उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता 24 घंटे सातों दिन काम करता है। उसके लिए हर दिन काम है और हर दिन चुनाव है। हम वो लोग नहीं हैं, जो केवल चुनाव के सीजन में आते हैं। हमारे कार्यक्रम, हमारे काम और जनता के साथ हमारा संवाद पूरे साल चलता रहता है। काशी आना हमारी परंपरा मेंकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद बाबा विश्वनाथ धाम की भव्यता और विस्तार देख आह्लादित नितिन नवीन ने कहा कि बाबा की नगरी में आकर हर भक्त, हर शख्स नतमस्तक होता है और हम तो बिहार से हैं। काशी आना हमारी परंपरा में है। पहले भी अनेकों बार बाबा का आशीर्वाद लेने काशी विश्वनाथ की इस नगरी में आने का मौका मिला, लेकिन यह जरूर कह सकते हैं कि पिछले दिनों काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का जब पूरी तरह से भव्य पुनर्निर्माण हुआ, तो आज एक-एक श्रद्धालु को अच्छा लगता है। बाबा के भक्तों को गंगा के तट पर बाबा का दर्शन मिलना सभी के लिए अद्भुत होता है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देता हूं, क्योंकि करोड़ों सनातनियों की आस्था के केंद्र को आपने बहुत ही भव्य और अलग आकृति दी है।
