शनि अमावस्या पर मां भवतारिणी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Religious

पथराकुली में विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना, हवन के बाद सैकड़ों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद

Eksandeshlive Desk

पथराकुली: शनि अमावस्या के अवसर पर पथराकुली स्थित मां भवतारिणी मंदिर में शनिवार को विधि-विधान के साथ मां काली की पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। पूजा में शामिल होने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। दोपहर में हवन संपन्न हुआ, जिसके बाद भक्तों के बीच भोग का वितरण किया गया।मंदिर में पूजा-अर्चना की शुरुआत सुबह नौ बजे हुई, जो देर रात तक चली। पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों के कारण मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। हवन के बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भोग ग्रहण किया।

करीब 50 वर्षों से हो रही पूजा: बताया जाता है कि करीब 50 वर्ष पहले काली बाबा ने पथराकुली स्थित मां भवतारिणी मंदिर में मां काली की पूजा शुरू की थी। तब से यहां नियमित रूप से प्रतिदिन विधि-विधान के साथ मां की पूजा-अर्चना की जाती है। विशेष रूप से प्रत्येक अमावस्या पर पूजा का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। वर्तमान में काली बाबा के पुत्र तरुण गोस्वामी (बापी दा) पूजा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रत्येक अमावस्या पर पूरे विधि-विधान से मां की पूजा की जाती है। शनि अमावस्या पर भी परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना और हवन संपन्न कराया गया। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन सुबह और शाम नियमित रूप से मां की पूजा होती है।

परिवार और स्थानीय लोगों का सहयोग: पूजा के आयोजन में काली बाबा के अन्य पुत्र उदय गोस्वामी और अरुण गोस्वामी भी सक्रिय रूप से शामिल रहते हैं। इसके अलावा विशाल, बैशाली, अनिर्बान, मिष्टी, रिमझिम, श्याम, श्रीनू मुखर्जी, छोटू रक्षी, दोलन रक्षी सहित अन्य लोगों ने आयोजन में सहयोग किया।

Spread the love