हॉलीवुड अभिनेत्री ब्लेयर ने फ्लाइट में की मारपीट, गिरफ्तार

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

न्यूयॉर्क: हॉलीवुड अभिनेत्री सेल्मा ब्लेयर को जॉन एफ. केनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से पुलिस ने हिरासत में लिया है। लॉस एंजिलिस से न्यूयॉर्क पहुंचे डेल्टा एयरलाइंस के विमान के यहां उतरते ही अभिनेत्री बिना मौका गंवाए पकड़ लिया गया। उन पर उड़ान के दौरान दो विमान परिचारिकाओं पर हमला करने का आरोप है। यही नहीं ब्लेयर पर अस्पताल ले जाते समय एक महिला पुलिस अधिकारी और अस्पताल में एक नर्स के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगा है।

सीएनबीसी की रिपोर्ट में पोर्ट अथॉरिटी ऑफ न्यूयॉर्क एंड न्यूजर्सी के हवाले से कहा गया है कि उन्हें रविवार रात करीब 11 बजे पुलिस ने गिरफ्तार किया। ब्लेयर के अलावा घायल विमान परिचारिकाओं में से एक को चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। बताया गया है कि ब्लेयर ने हमले के दौरान विमान परिचारिकाओं को काट लिया था। पुलिस के अनुसार, ब्लेयर ने जमैका अस्पताल ले जाते समय एक महिला पुलिस अधिकारी पर हमला कर दिया। एक नर्स का भी आरोप है कि अभिनेत्री ने उनके साथ मारपीट की। क्वींस की एक अदालत में सोमवार देरशाम ब्लेयर के खिलाफ हमले के दो आरोप तय किए गए। न्यायाधीश ने उन्हें 20,000 अमेरिकी डॉलर नकद या 60,000 अमेरिकी डॉलर के मुचलके पर जमानत दे दी। अदालत में अगली सुनवाई 19 जनवरी में होगी। डेल्टा एयरलाइंस और संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने इस घटना का विवरण साझा नहीं किया है। 54 वर्षीय ब्लेयर ने क्रूएल इंटेंशंस, लीगली ब्लॉन्ड और हेलबॉय आदि फिल्मों में प्रमुख भूमिका निभाई है।

अदालत से जमानत मिलने के बाद उनके वकीलों ने भी मीडिया से कोई बात नहीं की। सूत्रों के मुताबिक, घटनाओं के समय ब्लेयर के साथ एक डॉग भी था। उनके वकील हॉस्पिटल में उनसे मिले और डॉग को अपने साथ ले गए। ब्लेयर के एक प्रतिनिधि ने कहा कि उड़ान में अभिनेत्री को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा, जिसकी वजह से यह कथित घटना हुई। उल्लेखनीय है कि ब्लेयर ने 2018 में बताया था कि उन्हें मल्टीपल स्केलेरोसिस है। ब्लेयर के साथ ऐसी पहली घटना नहीं है। 2016 में कैनकन से लॉस एंजिल्स जाने वाली एक उड़ान में वह हंगामा कर चुकी हैं। इस घटना में साफ हुआ था कि शराब और दवा लेने के बाद उन्हें होश नहीं रहा और उन्होंने अपने बर्ताव के लिए माफी भी मांगी थी।

Spread the love