Eksandeshlive Desk
वुहान: पोलैंड की स्टार टेनिस खिलाड़ी इगा स्वियातेक के ऊपर इस साल डब्ल्यूटीए फाइनल्स में जगह बनाने से चूकने का खतरा मंडरा रहा है। वह 2020 के बाद पहली बार सत्र के इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट से बाहर रह सकती हैं। हालांकि, पूर्व विश्व नंबर एक खिलाड़ी ने साल का अंत शानदार प्रदर्शन के साथ करने और टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने की अपनी उम्मीदों को मजबूत करने का संकल्प जताया है। छह बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्वियातेक ने इस साल अगस्त में कनाडियन ओपन के रूप में केवल एक खिताब जीता है। वह इस वर्ष चारों ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिताओं में क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ सकीं। 25 वर्षीय स्वियातेक ने 2023 में डब्ल्यूटीए फाइनल्स का खिताब जीता था और 2021 से इसके हर संस्करण में हिस्सा लिया है।आठ से 15 नवंबर तक होने वाले डब्ल्यूटीए फाइनल्स की क्वालीफाइंग तालिका में स्वियातेक फिलहाल 10वें स्थान पर हैं। आठ खिलाड़ियों के लिए होने वाले इस टूर्नामेंट में चार स्थान अभी खाली हैं। स्वियातेक के 3,799 अंक हैं और वह नौवें स्थान पर मौजूद यूक्रेन की मार्ता कोस्त्युक से 111 अंक पीछे हैं। वहीं, 4,615 अंकों के साथ कैरोलिना मुचोवा उन खिलाड़ियों में सबसे निचले स्थान पर हैं, जिन्होंने अभी तक क्वालीफाई नहीं किया है।
चुनौती को सकारात्मक रूप में देख रहीं स्वियातेक: वुहान ओपन से पहले सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में स्वियातेक ने स्वीकार किया कि वह क्वालीफिकेशन की स्थिति से परिचित हैं और डब्ल्यूटीए फाइनल्स में जगह बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “मुझे इस स्थिति की जानकारी है और निश्चित रूप से डब्ल्यूटीए फाइनल्स में जगह बनाना शानदार होगा। हमारा लक्ष्य भी यही है। यह पहली बार है जब मुझे फाइनल्स में जगह बनाने के लिए ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।” स्वियातेक ने कहा, “यह एक चुनौती है, लेकिन मुझे लगता है कि यह सकारात्मक चुनौती है और मैं इसके लिए काफी प्रेरित हूं। अभी कुछ टूर्नामेंट बाकी हैं।” स्वियातेक ने अपने खेल में किए गए बदलावों पर भी बात की। उन्होंने अप्रैल में विम फिसेट से अलग होने के बाद फ्रांसिस्को रोइग को अपना कोच नियुक्त किया था। स्वियातेक के अनुसार, नए कोच के साथ अभ्यास के दौरान उनके खेल में सकारात्मक सुधार देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा, “मुझे अपने खेल में कुछ बदलाव करने की जरूरत थी और फ्रांसिस्को के पास मेरे खेल को लेकर बहुत अच्छी योजना है। मुझे लगता है कि हम अभ्यास के दौरान अपने खेल को काफी विकसित कर रहे हैं और अच्छी प्रगति हुई है।” उन्होंने कहा कि अमेरिकी ओपन के आसपास का दौर इस सत्र का उनका सबसे सकारात्मक समय रहा। इससे उन्हें भरोसा मिला है कि वह सही दिशा में आगे बढ़ रही हैं। स्वियातेक बुधवार को वुहान ओपन के अपने पहले मुकाबले में हमवतन मैग्डालेना फ्रेंच का सामना करेंगी। इसके बाद उनके निंगबो और टोक्यो में होने वाले डब्ल्यूटीए 500 स्तर के टूर्नामेंटों में भी खेलने का कार्यक्रम है। इन प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन उनके लिए डब्ल्यूटीए फाइनल्स में जगह बनाने की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिहाज से अहम होगा।
