Eksandeshlive Desk
रांची: झारखंड भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रांची पहुंचे। रिंग रोड स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में उनके पहुंचने पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत किया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्वयं मांदर बजाकर आदिवासी कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। बैठक स्थल के मुख्य द्वार पर पारंपरिक वेशभूषा में सजे आदिवासी कलाकार ढोल-नगाड़ों और मांदर की थाप पर नृत्य कर रहे थे। कलाकारों की प्रस्तुति देखकर नितिन नवीन ने भी गले में मांदर टांगकर उसे बजाया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, रांची के विधायक सीपी सिंह और हटिया के विधायक नवीन जायसवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बैठक में शामिल होने पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी और अन्य पदाधिकारियों का भी पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मुख्य द्वार पर नेताओं के माथे पर चंदन का तिलक लगाया, पुष्पवर्षा की और आरती उतारी। इसके साथ ही सभी नेताओं को ‘जोहार’ लिखा पारंपरिक गमछा पहनाया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सबसे पहले सभी जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। इसके बाद प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक शुरू होगी। बैठक में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। कार्यक्रम स्थल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बड़े-बड़े पोस्टरों से सजाया गया है। बैठक में शामिल होने वाले नेताओं और पदाधिकारियों का पंजीकरण किया जा रहा है। प्रवेश द्वार पर उन्हें पारंपरिक गमछा पहनाकर स्वागत किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार से जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राज्य को बेहतर नेतृत्व देने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
