तीन दशकों से अधिक करियर में 3200 घंटे से अधिक लड़ाकू जेट उड़ाने का अनुभव
Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली: नए वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित के कार्यभार संभालने के बाद एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया ने 52वें वाइस चीफ का पद संभाल लिया है। फाइटर स्ट्रीम में कमीशन हुए एयर मार्शल के पास अपने तीन दशकों से अधिक के करियर में मिग-21, मिग-23, मिग-27, जगुआर और सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमानों पर 3200 घंटे से अधिक की उड़ान का अनुभव है। उन्होंने देश के लिए सबसे बड़ा बलिदान देने वालों के सम्मान में नेशनल वॉर मेमोरियल पर श्रद्धांजलि दी और उन्हें सेरेमोनियल गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
वायु सेना में 11 जून 1988 को फाइटर स्ट्रीम में कमीशन हुए एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडकवासला और वायु सेना अकादमी, डुंडीगुल के पूर्व छात्र हैं। वह एडवांस्ड कमांड एंड स्टाफ कोर्स, यूनाइटेड किंगडम और नेशनल डिफेंस कॉलेज, बांग्लादेश के पूर्व छात्र भी हैं। उनके पास रक्षा और सामरिक अध्ययन में तीन स्नातकोत्तर डिग्री हैं। अपने तीन दशकों से अधिक के करियर में उन्होंने भारतीय वायु सेना के विभिन्न लड़ाकू विमान उड़ाए हैं, जिनमें मिग-21, मिग-23, मिग-27, जगुआर और एसयू-30 एमकेआई के विभिन्न प्रकार शामिल हैं। उनके पास विभिन्न लड़ाकू जेट विमानों पर 3200 घंटे से अधिक की उड़ान का अनुभव है और उन्होंने कई कमांड और स्टाफ नियुक्तियां की हैं।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक वह एक बेहद अनुभवी लड़ाकू पायलट और एक इंस्ट्रूमेंट रेटिंग इंस्ट्रक्टर और परीक्षक हैं। अपने परिचालन कार्यकाल में वह नंबर 222 स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर और टैक्टिक्स एंड कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट के कमांडेंट रह चुके हैं। उन्होंने एक फ्रंटलाइन फाइटर स्क्वाड्रन और एयर ऑफिसर कमांडिंग के तौर पर एयर फोर्स स्टेशन बरेली की कमान संभाली है। उन्हें 2018 में अति विशिष्ट सेवा मेडल और 2008 में वायु सेना मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। एयर कमोडोर के तौर पर उन्होंने पूर्वी वायु कमान में एयर-1 के तौर पर और बाद में एयर हेडक्वार्टर, नई दिल्ली में एयर कमोडोर (एयर स्टाफ इंस्पेक्शन) के तौर पर काम किया।
वह जापान और साउथ कोरिया में डिफेंस अटैची रह चुके हैं। इससे पहले वह पूर्वी वायु कमान में एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ पद पर थे। एयर मार्शल के पद पर पदोन्नत होने के बाद 9 सितंबर 2024 को उन्होंने शिलांग में पूर्वी वायु कमान के सीनियर एयर स्टाफ ऑफिसर के तौर पर पदभार संभाला। इसके बाद एक फरवरी 2026 को एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया ने एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, पूर्वी वायु कमान का पद संभाला और एयर मार्शल सूरत सिंह का स्थान लिया, जो 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हुए। अब उन्होंने एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित के एयर चीफ बनने के बाद एयर स्टाफ के 52वें वाइस चीफ के तौर पर पदभार संभाला है।
