Eksandeshlive Desk
मुंबई: रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण: भाग 1’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने सात दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस पौराणिक फिल्म ने 64.85 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ अपना सफर शुरू किया था। अब फिल्म की कमाई का आंकड़ा लगातार नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहा है। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने सातवें दिन 70.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया। बुधवार को 19,715 शोज के जरिए हिंदी में 58 करोड़ रुपये और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में 12.65 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इसके साथ ही फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन बढ़कर 511.10 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, सातवें दिन विदेशों में 25 करोड़ रुपये की कमाई के साथ इसका कुल विदेशी कारोबार 323.50 करोड़ रुपये पहुंच गया। इस तरह फिल्म का दुनियाभर में कुल कलेक्शन 934.55 करोड़ रुपये हो गया है। कमाई के मामले में ‘रामायण’ ने विक्की कौशल की ‘छावा’ के 809 करोड़ रुपये के लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। वहीं, घरेलू बॉक्स ऑफिस पर यह रजनीकांत की ‘जेलर 2’ के 471.65 करोड़ रुपये के आंकड़े से आगे निकल चुकी है। अब फिल्म की नजर ‘धुरंधर 2’ के 1,149 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड कलेक्शन पर है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं।
‘रामायण’ में कैकेयी के पहनावे पर उठे सवालों पर लारा दत्ता ने दी सफाई: नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में माता कैकेयी की भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री लारा दत्ता ने अपने किरदार के पहनावे को लेकर हुई आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया दी है। फिल्म का ट्रेलर जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनके परिधानों को त्रेता युग के हिसाब से आधुनिक बताया था। अब फिल्म रिलीज होने के बाद लारा ने कहा कि दर्शकों को अपनी राय रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन फिल्म में वेशभूषा का चयन एक खास सोच और उद्देश्य के तहत किया गया था। दिए साक्षात्कार में लारा ने बताया कि कैकेयी कैकेय राज्य से आई थीं, इसलिए उनके आभूषण और पहनावा अन्य रानियों कौशल्या और सुमित्रा से अलग होना स्वाभाविक था। उन्होंने सवाल किया कि क्या कैकेयी अपने राज्य की परंपराओं और स्त्री-धन के साथ अयोध्या नहीं आई होंगी? अभिनेत्री के मुताबिक, फिल्म में मिथिला, अयोध्या और लंका की संस्कृति के बीच अंतर दिखाने के लिए वेशभूषा का एक निश्चित मानक तय किया गया था। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों पर आलोचना करने से कई तरह की बहस शुरू हो सकती है, इसलिए निर्माताओं ने अपनी सोच के अनुसार प्रस्तुति तैयार की। लारा ने कहा कि एक कलाकार के तौर पर निर्देशक और निर्माता के दृष्टिकोण का सम्मान करना जरूरी है। उन्होंने फिल्म के अंतिम परिणाम को लेकर अपना उत्साह भी जाहिर किया और बताया कि सेट पर काम करने के बावजूद पर्दे पर तैयार फिल्म देखकर वह हैरान रह गई थीं। अभिनेत्री ने माना कि दर्शकों को चर्चा और बहस करने का पूरा अधिकार है। उनके अनुसार, कलाकार को अपने काम के दौरान फिल्म निर्माताओं के विजन के साथ चलना होता है।
