फीफा ने 2031 और 2035 महिला विश्व कप की मेजबानी के लिए बोली मूल्यांकन रिपोर्ट जारी की

Sports

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: फीफा ने 2031 और 2035 महिला फुटबॉल विश्व कप की मेजबानी के लिए पेश की गई संयुक्त बोलियों की मूल्यांकन रिपोर्ट जारी कर दी है। दोनों बोलियों ने मेजबानी के लिए निर्धारित न्यूनतम आवश्यकताओं को पूरा किया है। अब इस महीने के अंत में फीफा के सदस्य इन पर मतदान करेंगे। 2031 विश्व कप की मेजबानी के लिए अमेरिका, मैक्सिको, कोस्टा रिका और जमैका ने संयुक्त बोली पेश की है। वहीं, 2035 संस्करण के लिए इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, वेल्स और उत्तरी आयरलैंड ने मिलकर दावेदारी की है। फीफा की ओर से बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, दोनों बोलियां 23 नवंबर को होने वाली फीफा की विशेष कांग्रेस में मतदान के लिए योग्य हैं।

2031 विश्व कप में 45 लाख दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद: फीफा की रिपोर्ट में कहा गया है कि 2031 विश्व कप की बोली मजबूत आधार पर तैयार की गई है। अमेरिका हाल ही में मैक्सिको और कनाडा के साथ पुरुष विश्व कप की संयुक्त मेजबानी कर चुका है। इसके अलावा उसने 2025 में क्लब विश्व कप का भी आयोजन किया था। 2031 महिला विश्व कप में करीब 45 लाख दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। चारों देशों की संयुक्त बोली में कुल 20 स्टेडियमों को प्रस्तावित मेजबान स्थल के रूप में शामिल किया गया है। इनमें 14 स्टेडियम अमेरिका, चार मैक्सिको और एक-एक जमैका तथा कोस्टा रिका में हैं। प्रस्ताव में शामिल वाशिंगटन डीसी का नया आरएफके स्टेडियम अभी निर्माणाधीन है, जबकि अन्य प्रस्तावित स्थल पहले से मौजूद हैं। फाइनल मुकाबले की मेजबानी के लिए चार स्टेडियमों के नाम प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें अटलांटा का मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम, डलास के पास स्थित एटी एंड टी स्टेडियम, लॉस एंजिलिस का सोफाई स्टेडियम और न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड स्थित मेटलाइफ स्टेडियम शामिल हैं। अमेरिका के प्रस्तावित सात स्टेडियमों और मैक्सिको के एक स्टेडियम में कृत्रिम सतह है। विश्व कप मुकाबलों के आयोजन के लिए इन सभी मैदानों पर प्राकृतिक घास लगानी होगी। इस साल पुरुष विश्व कप के दौरान भी सिएटल के ल्यूमेन फील्ड सहित कई स्टेडियमों में अस्थायी रूप से प्राकृतिक घास की पिचें तैयार की गई थीं। फीफा ने बताया कि अमेरिकी सरकारी एजेंसियों ने समर्थन पत्र भेजकर आव्रजन, वीजा, कार्य परमिट और सुरक्षा जैसी आवश्यकताओं को पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई है। फीफा ने रिपोर्ट में कहा, “इसलिए, हालांकि कुछ प्रतिबद्धताओं के लिए आगे और बातचीत की आवश्यकता है, लेकिन यह भरोसा करने का मजबूत आधार है कि संबंधित सरकारी एजेंसियों के साथ निरंतर संवाद और सहयोग से टूर्नामेंट का सफल आयोजन और संचालन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी, यदि बोली सफल रहती है।”

2035 विश्व कप के लिए 15 शहर और 19 स्टेडियम प्रस्तावित: 2035 विश्व कप के लिए चारों मेजबान देशों ने अपनी संयुक्त बोली की थीम ‘ऑल टुगेदर’ रखी है। फीफा की रिपोर्ट के अनुसार, यह बोली चारों सदस्य संघों की साझा प्रतिबद्धता और बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के उनके अनुभव पर आधारित है। इसमें यूईएफए महिला यूरो 2022 और यूईएफए यूरो 2028 का उल्लेख किया गया है। इस टूर्नामेंट के लिए चारों देशों में 15 मेजबान शहर और 19 स्टेडियम प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें इंग्लैंड के 14, आयरलैंड के दो, स्कॉटलैंड का एक और वेल्स के दो स्टेडियम शामिल हैं। फाइनल मुकाबला लंदन के वेम्बले स्टेडियम में कराने का प्रस्ताव है। फीफा ने बुधवार को अगले वर्ष ब्राजील में होने वाले महिला विश्व कप के ड्रॉ की प्रक्रिया की भी घोषणा की। टूर्नामेंट का ड्रॉ 11 दिसंबर को रियो डी जेनेरियो में आयोजित किया जाएगा। ड्रॉ के लिए टीमों को आठ-आठ के चार पॉट में रखा जाएगा। रैंकिंग में शीर्ष चार स्थानों पर रहने वाली टीमों को इस तरह अलग-अलग ग्रुप में रखा जाएगा कि यदि वे अपने-अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहती हैं, तो टूर्नामेंट के अंतिम चरण से पहले उनका आमना-सामना नहीं होगा। शीर्ष चार टीमों का निर्धारण सात दिसंबर को जारी होने वाली फीफा रैंकिंग के आधार पर होगा। फिलहाल मौजूदा चैंपियन स्पेन पहले स्थान पर है। अमेरिका दूसरे, जर्मनी तीसरे और इंग्लैंड चौथे स्थान पर है।

Spread the love