बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर प्रधानमंत्री रविवार को जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में पूर्वाह्न 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री संबोधित भी करेंगे। इस अवसर पर वह देशभर में जनजातीय समुदायों के सशक्तीकरण से जुड़ी करीब 3,000 करोड़ रुपये की 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार इन परियोजनाओं का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, आजीविका के अवसरों और सामुदायिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। इनके माध्यम से जनजातीय समुदायों के सामाजिक-आर्थिक विकास के साथ उनकी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी ध्यान दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री कुल 173 परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें जनजातीय विद्यार्थियों के लिए 38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत 100 बहुउद्देशीय केंद्र शामिल हैं। ये केंद्र जनजातीय समुदायों को विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने और सामुदायिक गतिविधियों के संचालन के केंद्र के रूप में काम करेंगे। इसके अलावा पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में जनजातीय अनुसंधान संस्थान (टीआरआई) के भवन और मिजोरम के आइजोल में रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का भी उद्घाटन करेंगे। मिजो जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, वीरता और बलिदान को समर्पित यह संग्रहालय मिजो समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, ऐतिहासिक विरासत और पहचान को प्रदर्शित करेगा। यह संग्रहालय 19वीं सदी की मिजो महिला मुखिया रोपुइलियानी के नाम पर रखा गया है। उन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन का साहसपूर्वक विरोध किया था। उन्हें जनजातीय प्रतिरोध और बलिदान के प्रतीक के रूप में याद किया जाता है।

प्रधानमंत्री 19 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की आधारशिला भी रखेंगे। इसके अलावा जनजातीय उत्पादकों को बाजार उपलब्ध कराने और उनकी पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से 12 जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्रों (टीएमएमसी) का शिलान्यास करेंगे। पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 42 अन्य परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी। यह कार्यक्रम देशभर में एक से 15 नवंबर तक मनाए जा रहे जनजातीय गौरव पखवाड़े का समापन भी होगा। इस दौरान राष्ट्रपति की ओर से एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों से संवाद, राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव, जनजातीय वैद्यों के प्रशिक्षण कार्यक्रम, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के लिए स्वास्थ्य एवं पोषण शिविर तथा जनजातीय गांवों में सामुदायिक सेवा अभियान सहित कई राष्ट्रीय और जमीनी स्तर के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

Spread the love