मेसरा में आस्था का महाकुंभ: स्वर्णरेखा नदी जुमार पुल के छोर पर उमड़ा जनसैलाब

360° Ek Sandesh Live


मेसरा (रांची): लोक आस्था,कठोर अनुशासन और अगाध विश्वास के चार दिवसीय महापर्व छठ ने इस बार कांके प्रखंड के मेसरा ओपी क्षेत्र और ओरमांझी प्रखंड क्षेत्र भर में कुछ ऐसा समां बांधा कि हर देखने वाले की आँखें विस्मय और श्रद्धा से भर आईं। बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के अंतर्गत स्वर्णरेखा नदी जुमार पुल के दोनों किनारों पर इस बार जो ऐतिहासिक भीड़ उमड़ी,उसने क्षेत्र के पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। यहाँ का नजारा किसी भव्य मेले से कम नहीं था,जहाँ दिशाएँ केवल छठी मईया के जयकारों से गूंज रही थीं। इस बार के महापर्व की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मेसरा से लेकर ओरमांझी तक के हर जलाशय को दुल्हन की तरह सजाया गया था। जुमार नदी पुल के दोनों छोर स्वर्णरेखा नदी के तटों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी। तिल रखने भर की जगह न होने के बावजूद लोगों के चेहरों पर जो उल्लास और अनुशासन था,वह देखते ही बनता था। गेटलातू,केदल,होम्बई,मेसरा तालाब,फुरहूरा टोला तालाब के साथ-साथ प्रसिद्ध रुक्का डैम,डोम्बा नदी,चुटूपालू,कुच्चू,आनंदी,हेंदेबिल्ली और शंकर घाटों पर की गई दूधिया रोशनी की सजावट ने रात को भी दिन जैसा चमका दिया। इस दौरान हुई आतिशबाजी ने आसमान में रंगों का अद्भुत इंद्रधनुष बिखेर दिया। (नहाय-खाय और खरना): तन और मन को पूर्ण रूप से पवित्र कर व्रतियों ने संयम की जो मिसाल पेश की,उसने सभी को प्रेरित किया।(संध्या और उषा अर्घ्य): डूबते हुए सूर्य को पहला अर्घ्य देने के बाद,सोमवार की अलसुबह जब उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया,तो हवा में गूंजते पारंपरिक लोकगीत-कांच ही बाँस के बहंगिया,बहंगी लचकत जाए…ने पूरे वातावरण को पूरी तरह से भावुक और भक्तिमय बना दिया। इसके साथ ही व्रतियों ने अपना 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास पूरा किया। वहीं,इतने विशाल जनसैलाब और लोगों की भारी भीड़ को संभालना एक बड़ी चुनौती थी,लेकिन विभिन्न पूजा समितियों के समर्पित कार्यकतार्ओं और स्थानिय पुलिस प्रशासन की चुस्ती-दुरूस्ती ने इसे मिसाल बना दिया। चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद प्रशासन और सेवाभाव में जुटी कमेटियों के समन्वय का ही परिणाम रहा कि यह महाकुंभ बिना किसी व्यवधान के पूरी तरह शांतिपूर्ण,सुरक्षित और भव्यता के साथ संपन्न हो गया।

Spread the love