फिलिस्तीन के खिलाफ बड़ी परीक्षा से गुजरेगी भारतीय अंडर-17 टीम

Sports

Eksandeshlive Desk

कुआलालंपुर: एएफसी अंडर-17 एशियाई कप उज्बेकिस्तान 2027 के क्वालीफायर में भारतीय अंडर-17 पुरुष फुटबॉल टीम मंगलवार को अपने सबसे चुनौतीपूर्ण मुकाबले में फिलिस्तीन का सामना करेगी। ग्रुप ई के इस मुकाबले में दोनों टीमें अपने शुरुआती दो मैच जीतकर मैदान पर उतरेंगी। ऐसे में ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करने की राह में यह मुकाबला अहम साबित हो सकता है। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अनुसार, भारत ने अपने पहले मुकाबले में सिंगापुर को 4-2 से हराया और इसके बाद गुआम के खिलाफ 12-0 की शानदार जीत दर्ज की। दूसरी ओर, फिलिस्तीन ने मेजबान मलेशिया को 2-0 और गुआम को 5-0 से शिकस्त दी है। दोनों टीमों के छह-छह अंक हैं, लेकिन बेहतर गोल अंतर के आधार पर भारत ग्रुप ई में शीर्ष पर है। भारत का गोल अंतर प्लस 14 है, जबकि फिलिस्तीन प्लस सात के साथ दूसरे स्थान पर है। अंक बराबर होने की स्थिति में आमने-सामने के मुकाबले को पहली वरीयता दिए जाने के कारण मंगलवार का मैच ग्रुप में शीर्ष स्थान और अगले दौर के लिए क्वालीफाई करने वाली टीम का फैसला करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस ग्रुप से केवल एक टीम को क्वालीफाई करना है।

भारत और फिलिस्तीन के बीच एएफसी की युवा प्रतियोगिताओं में यह चौथा मुकाबला होगा। इससे पहले दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीता है, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा है। फिलिस्तीन ने 2016 एएफसी अंडर-19 चैंपियनशिप क्वालीफायर में भारत को 1-0 से हराया था। वहीं, भारत ने 2018 एएफसी अंडर-16 चैंपियनशिप क्वालीफायर में 3-0 से जीत दर्ज की थी। दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत पिछले साल नवंबर में अहमदाबाद में एएफसी अंडर-17 एशियाई कप क्वालीफायर के दौरान हुई थी, जो 1-1 से ड्रॉ रही थी। भारतीय टीम के मुख्य कोच मेहराजुद्दीन वाडू फिलिस्तीन की चुनौती से परिचित हैं। हालांकि, उनका कहना है कि भारतीय टीम अपनी शैली के अनुसार खेलते हुए मुकाबले पर नियंत्रण बनाने की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा, “फिलिस्तीन एक प्रतिस्पर्धी टीम है और हम जानते हैं कि वह हमें अलग तरह की चुनौती देगी। हम उसका सम्मान करेंगे, लेकिन साथ ही अपनी फुटबॉल शैली के अनुसार खेलना और मुकाबले पर अपनी रणनीति थोपना चाहेंगे।” भारत ने शुरुआती दो मुकाबलों में कुल 16 गोल किए हैं। टीम के आक्रामक खेल को अब तक अभियान की सबसे बड़ी खासियत माना जा रहा है। वाडू ने कहा कि टीम ने तैयारियों के दौरान जिन पहलुओं पर काम किया था, उनका असर मैदान पर दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा, “दो मैचों में 16 गोल करना सकारात्मक संकेत है और यह हमारी मेहनत को दर्शाता है। आक्रमण की रणनीति, खिलाड़ियों की मूवमेंट और विपक्षी गोल क्षेत्र के आसपास आपसी तालमेल पर किया गया काम अब नजर आने लगा है। हालांकि, हमें यह याद रखना होगा कि यह अभी सिर्फ शुरुआत है।”

टूर्नामेंट में भारतीय टीम के गोल करने में कई खिलाड़ियों ने योगदान दिया है। डल्लालमुआन गंगटे ने लगातार दो मैचों में हैट्रिक लगाई है, जबकि राज सिंह वाहेंगबाम ने गुआम के खिलाफ चार गोल दागे थे। कोच वाडू ने टीम के सामूहिक प्रदर्शन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, “यह बेहद उत्साहजनक है कि अलग-अलग खिलाड़ी जिम्मेदारी ले रहे हैं और टीम की सफलता में योगदान दे रहे हैं। मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि टीम एक या दो खिलाड़ियों पर निर्भर नहीं है। हम ऐसी टीम तैयार करना चाहते हैं, जिसमें हर खिलाड़ी अपनी जिम्मेदारी समझे, चाहे वह गोल करना हो, मौके बनाना हो या रक्षात्मक भूमिका निभाना हो।” उन्होंने कहा कि टीम के भीतर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा खिलाड़ियों के विकास के लिए बेहद जरूरी है। शुरुआती नतीजे अच्छे रहे हैं, लेकिन कोच का मानना है कि टीम को अभी कई क्षेत्रों में सुधार करना है। वाडू ने कहा, “हमें फैसले लेने में अधिक निरंतरता लाने, रक्षात्मक व्यवस्था को बेहतर करने और पूरे 90 मिनट तक एकाग्रता बनाए रखने की जरूरत है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि लड़के सही मानसिकता, अनुशासन और देश का प्रतिनिधित्व करने का जज्बा दिखा रहे हैं। हम हर प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करते हैं और अब हमारा पूरा ध्यान फिलिस्तीन के खिलाफ मुकाबले की अच्छी तैयारी पर है।” दो जीत के बाद भारतीय टीम के पास ग्रुप ई में शीर्ष स्थान मजबूत करने और एएफसी अंडर-17 एशियाई कप 2027 के लिए क्वालीफाई करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाने का मौका है। फिलिस्तीन के खिलाफ मुकाबले के बाद भारत 20 नवंबर को अपने अंतिम ग्रुप मैच में मेजबान मलेशिया से भिड़ेगा।

Spread the love