पुतिन, जिनपिंग और ट्रंप की त्रिपक्षीय बैठक खत्म, डेढ़ घंटे तक चर्चा, दुनिया भर की निगाहें

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

बीजिंग/मॉस्को: एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन के दौरान रूस, चीन और अमेरिका के राष्ट्राध्यक्षों के बीच गुरुवार को हुई पहली त्रिपक्षीय बैठक समाप्त हो गई। चीन के शेनझेन स्थित ‘किलिन शानझुआंग स्टेट रेजिडेंस’ में आयोजित यह बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली, जिसमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वैश्विक व्यवस्था, आर्थिक सहयोग और ऊर्जा सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। रूस की अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रिया नोवोस्ती ने आज बताया कि बैठक में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि द्वितीय विश्वयुद्ध में चीन, रूस और अमेरिका मुख्य विजेता रहे थे। ऐसे में तीनों देशों की जिम्मेदारी है कि वे युद्ध के बाद स्थापित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की मजबूती से रक्षा करें। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों और सिद्धांतों का पालन करने तथा द्वितीय विश्वयुद्ध में मिली जीत के परिणामों को सुरक्षित रखने पर जोर दिया।

शी ने कहा कि चीन, रूस और अमेरिका को एक-दूसरे की ताकत का लाभ उठाते हुए व्यापार और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करना चाहिए। इसके साथ ही तीनों देशों को ऊर्जा उत्पादन और आपूर्ति श्रृंखलाओं की स्थिरता बनाए रखने के लिए मिलकर काम करना होगा। उन्होंने वैश्विक ऊर्जा बाजार की सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करने की जरूरत भी बताई। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बैठक के दौरान पूर्व विश्व नेताओं की कार्यशैली की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पहले के नेता अक्सर उन देशों से बातचीत करने से बचते थे, जिनके साथ उनके मतभेद होते थे। ट्रंप ने कहा, “अक्सर ऐसा होता था कि पुराने नेता उन देशों से बात करने से बचते थे, जिनके साथ उनके मतभेद थे लेकिन हमारा नजरिया इसके बिल्कुल उलट है।” उनके इस बयान को अंतरराष्ट्रीय मतभेदों के बावजूद संवाद बनाए रखने की हिमायत के तौर पर देखा जा रहा है।

बैठक के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कार्यक्रमों के आयोजन के लिए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का आभार जताया। उन्होंने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा, “आयोजन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद! सबकुछ बहुत बढ़िया है।” शेनझेन में आयोजित इस बैठक को तीनों प्रमुख शक्तियों के बीच संवाद के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक में अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था, आर्थिक संबंधों और ऊर्जा सुरक्षा पर दिए गए बयानों से स्पष्ट है कि तीनों देश वैश्विक चुनौतियों के बीच आपसी संवाद और सहयोग के महत्व को रेखांकित कर रहे हैं।

Spread the love