सविता को ‘टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया’ की सूची में मिली जगह, हॉकी इंडिया ने दी बधाई

Sports

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: भारतीय महिला हॉकी टीम की दिग्गज गोलकीपर और पद्मश्री से अलंकृति सविता का नाम पहली बार जारी ‘टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया’ (TIME100 Next: India) लिस्ट में शामिल किया गया है। इस सूची में उन 100 प्रभावशाली हस्तियों को जगह दी गई है, जो अलग-अलग क्षेत्रों में अपने योगदान, नेतृत्व और प्रभाव से भारत के भविष्य को आकार दे रहे हैं। सविता को इस सम्मान पर हॉकी इंडिया ने उन्हें बधाई दी। भारतीय गोलकीपर को इस सूची की ‘लीडर्स’ श्रेणी में शामिल किया गया है। यह भारतीय हॉकी के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि खेल के क्षेत्र में उनके योगदान और नेतृत्व को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया की पहली सूची में सविता को कई अन्य चर्चित भारतीय हस्तियों के साथ शामिल किया गया है। इनमें अभिनेता दिलजीत दोसांझ, विक्की कौशल, अभिनेत्री आलिया भट्ट, भारतीय महिला हॉकी टीम की दिग्गज खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर, मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन, युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी, ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू, शतरंज खिलाड़ी डी. गुकेश और टेनिस स्टार सानिया मिर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां शामिल हैं।

इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए सविता ने कहा कि टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया की पहली सूची में जगह मिलना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है। मैं उन प्रेरणादायक लोगों के बीच शामिल होकर खुद को गौरवान्वित और विनम्र महसूस कर रही हूं, जो अलग-अलग तरीकों से भारत के भविष्य में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल मेरा व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि भारतीय हॉकी, मेरी साथी खिलाड़ियों, कोचों और उन सभी लोगों का है, जिन्होंने मेरे पूरे सफर में मेरा साथ दिया है। मुझे उम्मीद है कि इससे अधिक से अधिक युवा लड़कियां खेलों को अपनाने, बड़े सपने देखने और यह विश्वास करने के लिए प्रेरित होंगी कि वे भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।” हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने सविता को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया की सूची में सविता को जगह मिलना भारतीय हॉकी के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने अपने पूरे करियर में असाधारण प्रतिबद्धता, संघर्ष क्षमता और नेतृत्व का परिचय देते हुए हमारे खेल की बेहतरीन प्रतिनिधि के रूप में पहचान बनाई है। हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि यह सविता और भारतीय हॉकी के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। वर्षों से उनके समर्पण, निरंतरता और शानदार प्रदर्शन ने उन्हें इस खेल की सबसे सम्मानित खिलाड़ियों में शामिल किया है। टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया जैसी प्रतिष्ठित पहल में जगह मिलना यह दर्शाता है कि खिलाड़ी अपनी खेल उपलब्धियों से आगे बढ़कर भी समाज को प्रभावित कर सकते हैं। हम सविता को बधाई देते हैं और कामना करते हैं कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहे।

टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया की सम्मानित हस्ती के रूप में सविता को 12 दिसंबर को मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में आयोजित होने वाले टाइम 100 नेक्स्ट गाला (TIME100 Next Gala) में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया गया है। टाइम 100 नेक्स्ट पहल दुनियाभर में उभरते नेताओं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले प्रभावशाली लोगों को पहचान देने के लिए विश्व स्तर पर जानी जाती है। इसे पहली बार विशेष रूप से भारत के लिए पेश किया गया है। इसे रिलायंस का समर्थन प्राप्त है और यह देश के विभिन्न क्षेत्रों से असाधारण प्रतिभाओं और बदलाव लाने वालों को एक मंच पर लाती है।

Spread the love