कैम्ब्रियन कांके रोड शैक्षणिक विशिष्टता के क्षेत्र में राज्य में 3 रैंक पर
रांची: कांके रोड़ स्थित कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल में शैक्षणिक विशिष्टता के क्षेत्र में राज्य में तीसरा और देश में 79 वां रैंक प्राप्त हुआ है। इंडिया इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग कंसोर्टियम की ओर से देश भर के विभिन्न विद्यालयों के सर्वेक्षण के आधार पर प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार विद्यालय को यह रैंकिंग मिला है। सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी तकनीक सक्षम कक्षाएं,कौशल विकास पर आधारित लैब, विद्यार्थियों की औसत उपस्थिति, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, बोर्ड परीक्षाओं में विद्यालय के प्रदर्शन सहित 18 मानकों पर आधारित सर्वेक्षण में विद्यालय को राज्य के पहले तीन और देश पहले उन्यासी अव्वल विद्यालयों की श्रेणी में रखा गया है। मौके पर विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या परमजीत कौर ने कहा कि अनुशासन, संकल्प, सहयोग और समन्वय से विद्यालय को यह गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि तीन से अधिक दशकों से विद्यालय न केवल राज्य के हर वर्ग के लिए सीबीएसई के द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप प्लस टू स्तर तक स्कूली शिक्षा प्रदान कर रहा है बल्कि अनुशासन, कौशल विकास, रोजगार और सामाजिक मूल्यों के संवहन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि यहां के विद्यार्थी न केवल देश-विदेश में अपनी सेवा प्रदान कर रहे हैं बल्कि विभिन्न क्षेत्रों में परचम भी लहरा रहे हैं। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विद्यालय प्रबंधन,शिक्षकों,अभिभावकों और विद्यार्थियों को बधाई दी है।
