ओरमांझी (रांची): कर्ज वसूली को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए आईडीबीआई बैंक ने गुरुवार (19 नवंबर) को रांची जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत जमीन को अपने कब्जे में ले लिया। बैंक के अधिकृत अधिकारी द्वारा वित्तीय परिसंपत्तियों का प्रतिभूतिकरण और पुनर्गठन तथा प्रतिभूति हित का प्रवर्तन अधिनियम,2002 के तहत यह कार्रवाई की गई। नोटिस के मुताबिक,यह कदम एसएम ट्रेडर्स के मालिक स्वर्गीय सैयद मोहम्मद मारूफ के कानूनी उत्तराधिकारियों,जमानतदार व बंधककर्ता नसीमा खातून तथा सैयद मोहम्मद हारून से जुड़ी बकाया रकम की वसूली के लिए उठाया गया है। बैंक के अनुसार,28 दिसंबर 2021 से लागू ब्याज सहित कुल 1,22,55,528 रुपये (एक करोड़ बाईस लाख पचपन हजार पांच सौ अट्ठाईस रुपये) की राशि बकाया है। पहले जारी मांग नोटिस की तय अवधि में रकम जमा नहीं होने पर बैंक ने 19 नवंबर (गुरुवार) को संपत्ति का प्रत्यक्ष कब्जा ले लिया। जारी कब्जा नोटिस के ब्योरे के अनुसार,यह कार्रवाई मौजा-कोलारी,थाना-ओरमांझी, थाना संख्या-28,खाता संख्या-11,प्लॉट संख्या-208,सब-प्लॉट संख्या-398/पार्ट स्थित हैदर नगर कॉलोनी की जमीन पर की गई है। इसमें स्वर्गीय सैयद मोहम्मद मारूफ व श्रीमती नसीमा खातून के नाम दर्ज व बंधक 10 डिसमिल जमीन तथा स्वर्गीय सैयद मोहम्मद मारूफ के नाम दर्ज 30 डिसमिल जमीन शामिल है। कार्रवाई के बाद मौके पर बैंक का बैनर लगाकर आम लोगों को आगाह किया गया है कि इस संपत्ति को लेकर किसी भी तरह का लेन-देन या सौदा न करें। बैंक ने स्पष्ट किया है कि संपत्ति पर आईडीबीआई बैंक का अधिकार व दावा कायम है और इसके साथ किया गया कोई भी सौदा बैंक के दावे के अधीन माना जाएगा।
