दादी के संस्कार में शामिल हुए कट्टरपंथी सांसद अमृतपाल, कड़ी सुरक्षा के बीच डिब्रूगढ़ जेल के लिए रवाना

NATIONAL

अमृतसर की अदालत ने दी थी तीन घंटे की पैरोल

Eksandeshlive Desk

चंडीगढ़: एनएसए के तहत असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल शनिवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। अंतिम रस्मों के बाद पुलिस उन्हें बख्तरबंद गाड़ियों में फिर से असम ले गई। सांसद अमृतपाल की दादी चरण कौर का बीती 8 नवंबर को निधन हुआ था। अमृतपाल की पैरोल के चलते अभी तक उनका अंतिम संस्कार नहीं किया गया था। अमृतसर की अदालत ने कई शर्तों के आधार पर गत दिवस अमृतपाल को तीन घंटे की पैरोल दी थी। अमृतपाल को असम के डिब्रूगढ़ से अमृतसर लाने के खर्च की राशि दस लाख रुपये परिवार की तरफ से कोर्ट में जमा करवाई गई थी। पंजाब पुलिस की एक टीम शुक्रवार रात अमृतपाल को लेकर दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंची थी। रातभर सेफ हाउस में रूकने के बाद अमृतपाल को शनिवार सुबह दिल्ली हवाई अड्डे से अमृतसर लाया गया। सुबह 8.30 बजे पुलिस टीम अमृतपाल को लेकर अमृतसर पहुंची। यहां तीन घंटे उन्हें सेफ हाउस में रखा गया।

कोर्ट के आदेशानुसार अमृतपाल को उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा पहुंचाया गया। यहां पहुंचकर वह अपने घर गए जहां दादी की मृतक देह को नमन किया। इस दौरान अमृतपाल अपनी पत्नी किरणदीप कौर तथा अन्य पारिवारिक सदस्यों के साथ रहे। इसके बाद माता चरण कौर के पार्थिव शरीर को खेत में ले जाया गया। जहां अमृतपाल के पिता तरसेत सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी। परिवार की तरफ से चरण कौर के अंतिम संस्कार का प्रबंध श्मशान घाट की बजाए खेतों में किया गया था। अमृतपाल करीब 20 मिनट तक अंतिम रस्म में शामिल हुए उसके बाद संस्कार की रस्म अदा की गई। इस दौरान संस्कार वाले स्थान को पुलिस ने चारों तरफ से घेरा हुआ था। अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद अमृतपाल ने संगत का अभिवादन किया। इसके बाद उन्हें पुलिस की सुरक्षा में दोबारा एयरपोर्ट ले जाया गया। दिल्ली में रात्रि विश्राम के बाद रविवार सुबह इंडिगो की फ्लाइट से वापस डिब्रूगढ़ ले जाया जाएगा। रविवार सुबह 11 बजे पंजाब पुलिस फिर से अमृतपाल को असम पुलिस के हवाले कर देगी। जहां से उन्हें डिब्रूगढ़ जेल भेज दिया जाएगा।

Spread the love