पश्चिम बंगाल में दस्तावेज निर्माण हेतु आवेदन करने वाले आवेदक अपने आवेदन की पावती संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के समक्ष उपलब्ध कराएं: के. रवि कुमार
Eksandeshlive Desk
साहेबगंज/पाकुड़: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार ने रविवार को साहेबगंज एवं पाकुड़ जिले के राजमहल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र एवं पाकुड़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत विभिन्न कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों से संबंधित सुनवाई के कागजातों एवं अभिलेखों का निरीक्षण किया तथा संबंधित पदाधिकारियों से एसआईआर की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के क्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी स्तर पर एसआईआर कार्यों की नियमित समीक्षा इस प्रक्रिया का अनिवार्य हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से विलोपित करने की कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया करने के उपरांत ही की जाएगी। इस हेतु निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा ड्राफ्ट मतदाता सूची के ऐसे मतदाताओं को दो बार नोटिस जारी कर सुनवाई, घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन तथा सभी तथ्यों की जांच के उपरांत कारणयुक्त अंतिम आदेश अनिवार्य रूप से पारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान यह भी देखा जा रहा है कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने वाले नए युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवेदन प्राप्त हो रहे हैं।
पाकुड़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में निरीक्षण के क्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कई ऐसे ड्राफ्ट मतदाता सूची के मतदाताओं के मामलों में पाया कि उनके द्वारा संबंधित दस्तावेज नहीं समर्पित किए गए हैं, जबकि यह निर्देशित है कि सभी पात्र भारतीय नागरिकों का सक्षम पदाधिकारी स्तर से नियमानुसार निरीक्षण करते हुए दस्तावेज निर्गत किए जाने हैं। उन्होंने कहा कि निकटवर्ती राज्य पश्चिम बंगाल से भी कई व्यक्ति इस क्षेत्र में प्रवास कर रहें हैं। ऐसे व्यक्ति जिन्हें मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के क्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा नोटिस प्राप्त हुआ है, परंतु उनका दस्तावेज निर्माण हेतु पश्चिम बंगाल में लंबित है। ऐसे व्यक्ति दस्तावेज निर्माण हेतु भरे गए आवेदनों के पावती अपने वर्तमान विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के समक्ष अवश्य उपलब्ध कराएं जिससे पश्चिम बंगाल राज्य के सम्बन्धित पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए ऐसे आवेदकों का दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग किया जा सके। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं बीएलओ सुपरवाइजर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
