आम आदमी के सर्मथन से चुनावों में उतरेगी भाजमो: धर्मेंन्द्र तिवारी

360° Ek Sandesh Live Politics

लोकसभा के 7 और विधानसभा के 35 से 40 सीटों पर प्रत्याशी खड़ा करेगी, जनवरी महीने में कार्यकारिणी की बैठक में चुनावी समीक्षा होगी

Ranjeet Kumar

रांची: भारतीय जनतंत्र मोर्चा के केन्द्रीय अध्यक्ष धर्मेंन्द्र तिवारी ने आज पार्टी कार्यालय में कहा कि हमारी पार्टी ने झारखंड प्रदेश को विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए जनहित के सभी मामलों को प्रमुखता से सरकारी तंत्र के समक्ष उठाया है और हमने जन् मुद्दों का समाधान करने की दिशा में पहल करने का निरंतर दबाव भी सरकार पर बनाया है। भारतीय जनतंत्र मोर्चा के सक्रिय कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों के प्रयास से झारखंड के 20 जिलों में मोर्चा का काम हो रहा है। अलग-अलग कार्यों से, कार्यक्रमों से चाहे वह धनबाद, जमशेदपुर, हजारीबाग, रांची, पलामू, गिरिडीह आदि में हो, कार्यकर्ता पार्टी के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं और आम जनता का भाजमो से जुड़ाव निरंतर हो रहा हैं। आम आदमी के समर्थन से ही हम चुनावी समर में उतर रहे हैं।
श्री तिवारी ने कहा कि हमारे संरक्षक एवं अभिभावक सरयू राय ने ‘‘संपर्क, समस्या और समाधान’’ का जो मूल मंत्र हमें दिया है, का पालन करते हुए हम सभी उसे कार्यान्वित कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं को पार्टी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि चुनाव लड़ने के लिए आप तैयार रहे। पार्टी झारखंड के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से जनता के बीच जाने को तैयार हैं। आगामी लोकसभा और विधानसभा का चुनाव पार्टी अपने बल पर कार्यकर्ताओं के सहयोग से लड़ेगी। लोकसभा चुनाव में जमशेदपुर, धनबाद, पलामू, चतरा, हजारीबाग, गिरिडीह में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करेगी। श्री तिवारी ने देश एवं राज्य की समस्याओं पर बताया कि लोकसभा चुनाव में भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, आपसी सौहार्द, सदभावना, प्रेम-भाईचारा, मानव धर्म राष्ट्रहित, महंगी शिक्षा और चिकित्सा मुख्य मुद्दा होगा। वहीं राज्य की समस्याओं पर कहा कि विधानसभा का चुनाव राज्य में सरकारी तंत्र की तानाशाही, शिक्षित एवं अशिक्षित बेरोजगारी, सरकार की गलत नीति, वादा खिलाफी, और भ्रष्टाचार, स्थानीय नीति, और पर्यावरण जैसे मुद्दे आज झारखण्ड को भीतर से खोखला कर रहे है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जिस तरह से 1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति के नाम पर युवाओं को ठगा, घोटालेबाजों/माफियाओं को प्रश्रय दिया और उनका मनोबल बढ़ाया, पूरे राज्य में अवैध पत्थर एवं बालू खनन को जिस तरह से बढ़ावा दिया, सघन वनभूमि को भूमाफियायों के हवाले किया, पर्यावरण को नुकसान पहंचाया यह सब चीजों राज्य की जनता देख रही है और इसका माकूल जवाब वह आगामी चुनावों में देगी। राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में जो घोटाले हुए हैं अथवा हो रहे हैं, उसका भंडाफोड़ महालेखाकार कार्यालय ने किया है।

उन्होंने आगे कहा कि झारखंड में सभी पार्टियों ने राज्य किया लेकिन यहां बेरोजगारी बढ़ती गई। नौकरीपेशा, मजदूर, किसान यानी कि समाज का हर वर्ग, समाज ओर राज्य की आम जनता इस सरकार से परेशान हैं। भाजमो के अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा के चुनाव में जो व्यक्ति जनता के बीच में है, उनके सुख-दुख की सुध लेता है और जो हमारे उद्देश्यों को आत्मसात करेंगे, हम उन्हीं को अपना प्रत्याशी बनायेंगे। श्री तिवारी ने कहा कि हमारी पार्टी 6 लोकसभा सीट और 35 से 40 सीटों पर अपना प्रत्याशी खड़ाकर आगामी विधानसभा का चुनाव लड़ेगी, जिसमें दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के 8, उत्तरी छोटानागपुर के 6, कोल्हान के 8, संथालपरगना के 5 और पलामू प्रमंडल के 8 विधानसभा सीट चिन्हित हैं। दोनों चुनावों के लिए हमारी तैयारी चल रही हैं। नववर्ष के जनवरी महीने में कार्यकारिणी की बैठक में चुनावी समीक्षा होगी, जिसमें सभी जिलों के अध्यक्ष महामंत्री उपस्थित रहेंगे। फरवरी महीने में बूथ स्तर की बैठक सभी प्रमंडल में तथा इसके बाद सभी जिलों में की जाएगी।