Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम : नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बड़ी सफलता हाथ लगी है। ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत की गई कार्रवाई में 16 किलो अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। बरामद गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब आठ लाख रुपये आंकी गई है। शुक्रवार को आरपीएफ पदाधिकारी राकेश महतो ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तबरेज आलम और नेयाज अहमद के रूप में हुई है। दोनों पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया क्षेत्र अंतर्गत भीतहा थाना के निवासी बताए गए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ओडिशा के रूपरा रोड स्टेशन से गांजा लेकर ट्रेन के माध्यम से टाटानगर पहुंचे थे। यहां से उन्हें पटना होते हुए बेतिया ले जाकर आपूर्ति करनी थी। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. शंकर कुटी के निर्देश पर गुरुवार रात आरपीएफ उड़नदस्ता दल की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दोनों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 16 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, नशा तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत लगातार निगरानी और छापेमारी की जा रही है। इस मामले में दोनों आरोपियों को विधिसम्मत कार्रवाई के लिए अग्रिम प्रक्रिया में लिया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसकी जड़ें कहां तक फैली हुई हैं।
