Eksandeshlive Desk
हजारीबाग: झारखंड पुलिस के महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, रांची के निर्देशानुसार, हजारीबाग जिले में अफीम की खेती को रोकने और ग्रामीणों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में, पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर आज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बरही के नेतृत्व में एक जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत, पुलिस निरीक्षक, बरही, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, चौपारण तथा अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने चौपारण थाना क्षेत्र के सूदरवर्ती गाँवों जैसे अहरी, नावाडीह, सिलोदर आदि का दौरा किया। ग्रामीणों को अफीम की खेती न करने की अपील करते हुए इससे होने वाले स्वास्थ्य, सामाजिक और कानूनी नुकसानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित करते हुए अफीम की खेती के दुष्प्रभावों पर चर्चा की और उन्हें वैकल्पिक आजीविका के अवसरों के बारे में भी प्रेरित किया। इस दौरान सभी ग्रामीणों से अफीम की खेती को पूरी तरह से छोड़ने और कानून का सहयोग करने की अपील की गई।
हजारीबाग पुलिस का यह प्रयास है कि जिले में अफीम उत्पादन पर पूर्णतः रोक लगे और समाज को इसके हानिकारक प्रभावों से बचाया जा सके। इस तरह के जागरूकता अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।
