अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ को मिला सम्मान

360° Ek Sandesh Live

Eksandesh Desk

रांची: अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के शुभ अवसर पर “एक शाम दिव्यांग जनों के नाम” कार्यक्रम में राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम साइड सेवर इंडिया और जेएसएलपीएस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ को उनके द्वारा दिव्यांग जनों के अधिकारों की रक्षा, कानून की लड़ाई, और समावेशी समाज के निर्माण के लिए किए गए निरंतर प्रयासों के मद्देनज़र “सर्वश्रेष्ठ एडवोकेसी श्रेणी” में यह सम्मान प्रदान किया गया।

सम्मान ग्रहण करते हुए राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ, झारखंड शाखा के समन्वयक अरुण कुमार सिंह ने कहा “यह सम्मान हमारे आदरणीय महासचिव एस.के. रूंगटा के अथक प्रयासों और उनके मार्गदर्शन का परिणाम है। हम सिर्फ संगठन के सिपाही हैं और उनके निर्देशन में दृष्टिहीन एवं दिव्यांग जनों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत हैं। आवश्यकता पड़ने पर हम सड़क से संसद और न्यायालय तक भी जाने के लिए प्रतिबद्ध रहते हैं।”

उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से दिव्यांग जनों के अधिकारों की रक्षा के लिए कार्यरत है और सरकार द्वारा बनाए गए कानूनों को जमीनी स्तर पर लागू करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।सम्मान समारोह के दौरान, अरुण कुमार सिंह ने भावुक होकर महासचिव एस.के. रूंगटा जी के योगदान और समाज के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा भावना को रेखांकित किया। उन्होंने संघ की उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी टीम के समर्पण और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

इस कार्यक्रम में कई अन्य संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और दिव्यांग जनों के लिए कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय दृष्टिहीन संघ की ओर से रूपम कुमारी, नरेश महतो, सुदेश यादव, मिथिलेश कुमार, सीमा कुमारी, मनीषा कुमारी, सत्यपाल सिंह, प्रियव्रत सिंह और अन्य सदस्य कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Spread the love