पलामू: 5 मार्च को संध्या करीब 18:45 बजे हुसैनाबाद थाना पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि जपला स्टेशन रोड दुर्गा मंदिर के पास स्थित एक झोपड़ी होटल का मालिक अपने पास अवैध हथियार छिपाकर रखा हुआ है। प्राप्त सूचना की जानकारी वरीय पदाधिकारी को दी गई, जिसके बाद उनके निर्देशानुसार सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु एक छापामारी दल का गठन किया गया। गठित छापामारी दल द्वारा मौके पर पहुंचकर उक्त झोपड़ी होटल में विधिवत छापामारी की गई। छापामारी के दौरान होटल में मौजूद एक व्यक्ति को सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ा गया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम रामाकांत सिंह (उम्र 42 वर्ष), पिता- स्व० देववंश सिंह, निवासी- मुन्निगया थाना टंडवा, जिला औरंगाबाद (बिहार) बताया। जमा तलाशी के दौरान अभियुक्त ने बताया कि वह अवैध शराब की खरीद-बिक्री करता है और अपने होटल में लकड़ी से बने टेबल काउंटर के अंदर एक देशी कट्टा एवं एक जिंदा गोली छिपाकर रखा हुआ है। तलाशी लेने पर टेबल काउंटर के अंदर से एक देशी कट्टा (लकड़ी का बैंट लगा हुआ) एवं एक जिंदा गोली बरामद किया गया, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया। इस संबंध में हुसैनाबाद थाना कांड संख्या- 46/26, दिनांक 05 मार्च, धारा 25(1-बी)(आ)/26 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अभियुक्त रामाकांत सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।