बाबा सिर्फ हमारे घर के मुखिया नहीं थे, वे हमारे जीवन के प्रकाश थे : सीता सोरेन

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के निधन पर उनकी बड़ी बहू सह पूर्व विधायक सीता सोरेन ने दुःख जताया है। उन्होंने शिबू सोरेन के साथ बिताये पलों को याद करते हुए उन्हें नमन किया। सीता सोरेन ने कहा है कि बाबा (शिबू सोरेन) सिर्फ हमारे घर के मुखिया नहीं थे। वे हमारे जीवन के प्रकाश थे। हमारे अपने, हमारे मार्गदर्शक और हमारा सबसे बड़ा सहारा थे। आज जब वो हमारे बीच नहीं हैं, तो ऐसा लग रहा है, जैसे एक पूरा युग समाप्त हो गया हो। उन्होंने कहा कि उनके बिना ये घर अब वैसा नहीं रहेगा, उनकी हंसी, उनका स्नेह, उनकी डांट तक, सब कुछ अब यादों में रह गया है। सीता सोरेन ने कहा कि झारखंड ने एक महान सपूत खोया है, लेकिन हमने अपना गुरू, अपना पिता, अपना जीवनदाता खोया है। बाबा, आपने जो मूल्य हमें सिखाए, जो परंपराएं आपने शुरू की और जो सम्मान आपने कमाया, हम उसे संजोकर रखेंगे। आपकी विरासत को आगे ले जाना अब हमारा धर्म है। उन्होंने कहा कि आपकी बड़ी बहू होने के नाते मेरा सिर गर्व से ऊंचा है, लेकिन दिल आज टूट गया है। आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे बाबा। आपकी यादें, आपकी बातें, आपकी छाया कभी मिट नहीं सकती। आपका आशीर्वाद हमारे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। हम आपको कभी अलविदा नहीं कह सकते, आप हममें जीते रहेंगे।

गुरुजी के जाने से एक युग का हुआ अंत : झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव, प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव, प्रधान महासचिव सत्यानंद भोक्ता और पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक प्रकट किया और उन्हे श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रीय जनता दल के नेताओं ने शोक वयक्त करते हुए कहा कि प्रदेश राजद, झामुमो के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता है। शिबू सोरेन जिन्हें दिशोम गुरु कहा जाता था, उन्होंने झारखंड की स्थापना और आदिवासी, दलित तथा वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष, उनकी दृढ़ता और जनसेवा का जज्बा हम सभी के लिए अनुकरणीय है। राजद नेताओं ने कहा कि शिबू सोरेन और हमारे नेता लालू यादव के बीच गहरा वैचारिक और व्यक्तिगत संबंध रहा। दोनों नेताओं ने सामाजिक न्याय, समता और क्षेत्रीय अस्मिता के लिए मिलकर संघर्ष किया। यह साझा संघर्ष न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। नेताओं ने कहा कि इस दुख की घड़ी में राष्ट्रीय जनता दल शिबू सोरेन के परिवार, उनके समर्थकों और झारखंड की जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि हम शिबू सोरेन के योगदान को नमन करते हैं और प्रार्थना करते हैं कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

संघर्षशील, जुझारू और जमीनी नेता थे गुरुजी : झारखंड प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय ने सोमवार को शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की और गुरुजी की आत्मा की शांति के ईश्वर से प्रार्थना की। डॉ. रविंद्र कुमार राय ने कहा कि शिबू सोरेन संघर्षों से उपजे हुए जमीनी और जुझारू नेता थे। उन्होंने लोगों को चुनावों में भी शराब जैसे व्यसनों से दूर रहकर जीवन जीने की कला बताते थे। राय ने कहा कि वे झारखंड का दर्द बांटने वाले नेता थे। अलग राज्य गठन के बाद वे सभी झारखंडवासियों के साथ मिलकर झारखंड के विकास की बात करते थे। राज्य गठन के बाद वे झारखंड को विवादों से हटकर विकास के रास्ते पर ले जाना चाहते थे।

Spread the love