बाल-बाल बचे मास्टर निजामुद्दीन: बड़ा हादसा टला,रेलवे ट्रैक के पास गड्ढे में जा गिरी कार

360° Road Accident

News by Mustaffa

​मेसरा(रांची): बीआईटी मेसरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत केदल में मंगलवार की सुबह एक बड़ी अनहोनी टल गई। यहाँ केदल निवासी मास्टर निजामुद्दीन एक भीषण सड़क हादसे का शिकार होते-होते बाल-बाल बच गए। उनकी अल्टो कार अनियंत्रित होकर रेलवे पटरी के समीप गहरे गड्ढे में जा गिरी,लेकिन सुखद पहलू यह रहा कि इतनी खतरनाक स्थिति के बावजूद उन्हें एक खरोंच तक नहीं आई। ​घटना मंगलवार सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच की है। बताया जा रहा है कि मास्टर निजामुद्दीन अपनी सिल्वर ग्रे रंग की अल्टो कार से कहीं जा रहे थे,तभी अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो गया और कार सीधे रेलवे लाइन के किनारे ढलान से नीचे उतरकर गड्ढे में जा फंसी। तस्वीर को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि ढलान काफी तीखी थी,जिससे कोई भी बड़ा नुकसान हो सकता था। ​गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई भी जान-माल की क्षति नहीं हुई। मास्टर निजामुद्दीन पूरी तरह सुरक्षित हैं। कार के अगले हिस्से को मामूली नुकसान पहुंचा है,जिसे स्थानीय लोग एक चमत्कार मान रहे हैं। ​हादसे की खबर मिलते ही झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता मोइन अंसारी तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और तुरंत एक हाइड्रा वाहन की व्यवस्था की। काफी मशक्कत के बाद हाइड्रा की मदद से कार को सुरक्षित गड्ढे से बाहर निकाला गया। झामुमो नेता मोइन अंसारी ने कहा कि यह ऊपर वाले का शुक्र है कि मास्टर निजामुद्दीन सुरक्षित हैं। खबर मिलते ही हम मौके पर पहुंचे और गाड़ी को बाहर निकलवाने में मदद की।

Spread the love