बासुकीनाथ धाम में महाशिवरात्रि महोत्सव पर उमड़ा श्रद्धालूओं का जन सैलाब

Religious

Eksandeshlive Desk

दुमका : शिव पार्वती के मिलन का महापर्व शिवरात्रि के पावन उत्सव पर देवनागरी बासुकीनाथ धाम हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा। ब्रह्म मुहूर्त की बेला में मंदिर का पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी। महादेव के जलाभिषेक एवं दर्शन के लिए भक्तों की आस्था और उत्सुकता देखते ही बनती थी। दिन भर श्रद्धालुओं का निरंतर जल चढ़ाना जारी रहा। मंदिर प्रशासन द्वारा भक्तों को सुगमतापूर्वक जल चढ़ाने के लिए शीघ्र दर्शनम कूपन की व्यवस्था की गई थी। शांति सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर परिसर एवं नगर के विभिन्न चौक चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती के साथ मजिस्ट्रेट को प्रतिनियुक्ति किया गया था।

वहीं श्रद्धालुओं को आपात चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्पर नजर आई। शिव पार्वती के विवाहोत्सव पर संपूर्ण मंदिर परिसर की आकर्षक फूलों एवं रंग बिरंगी रोशनियों से दुल्हन की तरह सजावट की गई थी। नगर प्रशासन द्वारा महाशिवरात्रि की दिव्यता और भव्यता बनाए रखने के लिए साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था दिखी। शिव पार्वती का विवाह उत्सव धूमधाम से मनाए जाने की परंपरा रही है। देर रात शिव बारात की आकर्षक झांकी मंदिर परिसर से निकलकर नगर भ्रमण करते पार्वती मंदिर के पास रुकेगी। इसके उपरांत शिव पार्वती का दिव्य विवाह उत्सव संपन्न होगा। उधर महाशिवरात्रि महोत्सव पर बासुकीनाथ स्थित धर्मशाला एवं होटल यात्रियों से अटा पड़ा था। वहीं बाजार श्रद्धालुओं से खचाखच भरा नजर आया। स्थानीय बाहरी एवं आदिवासी श्रद्धालु जलेबी टिकरी मुरब्बा जैसे मिष्ठान जमकर खरीदते देखे गए। कुल मिलाकर चारों तरफ रौनक छाया रहा।

Spread the love