Eksandeshlive Desk
हजारीबाग : भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती को सुशासन दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ बुधवार को मनाया। यह विशेष आयोजन हजारीबाग के झांझरिया पुल स्थित हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद के कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कोडरमा के पूर्व सांसद एवं भाजपा झारखंड प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र राय शामिल हुए।
मौके पर कोडरमा के पूर्व सांसद और भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र राय ने अपने संबोधन में अटल बिहारी वाजपेयी को एक अद्वितीय नेता, महान कवि और सुशासन के प्रणेता के रूप में याद किया। उन्होंने कहा वाजपेयी का जीवन राष्ट्रभक्ति और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक था। उन्होंने न केवल राजनीति में बल्कि देश के हर वर्ग के जीवन में सुधार लाने का कार्य किया। उनकी दूरदृष्टि और नेतृत्व ने भारत को एक मजबूत और स्वाभिमानी राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। सुशासन की उनकी परिकल्पना ने हर व्यक्ति को सम्मान और अवसर प्रदान करने की नींव रखी।
रविंद्र राय ने वाजपेयी की ओजस्वी वाणी और उनके विचारों को आज की राजनीति में प्रासंगिक बताते हुए कहा आज के युग में अटल के आदर्शों को अपनाकर हम देश में समता, समानता और सशक्तिकरण की भावना को मजबूत कर सकते हैं। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि राजनीति केवल सत्ता पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जनसेवा का सबसे बड़ा साधन है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं से आह्वान किया कि वे वाजपेयी के बताए मार्ग पर चलें और समाज में उनकी शिक्षाओं का प्रचार-प्रसार करें। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्हें याद करना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके सिद्धांतों को आत्मसात करना हमारा कर्तव्य है।
इससे पूर्व कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा हजारीबाग के जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने की। धन्यवाद ज्ञापन झारखंड प्रदेश के ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमरदीप यादव ने की। कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम सबसे पहले अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया जिसके बाद जिला अध्यक्ष के जरिये मुख्य अतिथि का स्वागत और अभिनंदन किया गया इसके बाद कार्यक्रम विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ। मंच पर आसीन सभी वरिष्ठ नेताओं ने अपना-अपना वक्तव्य रखते हुए अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। इस अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।