आशुतोष झा
काठमांडू: नेपाल के ऊर्जा, जलस्रोत तथा सिंचाई मंत्री दीपक खड्का ने कहा है कि भारत के प्रधानमंत्री, मंत्री और उच्चपदस्थ व्यक्तियों द्वारा नेपाल का दौरा करने से दोनों देशों के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंध और भी प्रगाढ़ होते हैं।
मंत्री खड्का के निमंत्रण पर नेपाल की आधिकारिक यात्रा पर आए भारत सरकार के विद्युत, आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहरलाल खट्टर मुक्तिनाथ मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे। मुस्तांग जिले के वारागुंग मुक्तिक्षेत्र गाउँपालिका–१ में स्थित पवित्र मुक्तिनाथ मंदिर में दर्शन के बाद मंत्री खड्का ने विश्वास जताया कि इस यात्रा से नेपाल–भारत के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंध और भी मजबूत होंगे। मंत्री खड्का ने कहा, “धार्मिक सहिष्णुता और दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की हमारी साझा प्रतिबद्धता को इस प्रकार की यात्राएं और भी मजबूत बनाती हैं। ऐसे अवसरों से दोनों देशों के बीच मित्रता और सहयोग की भावना और गहरी होती है।” मुक्तिनाथ दर्शन के अवसर पर भारतीय विद्युत मंत्री खट्टर ने नेपाल को एक धार्मिक रूप से ऐतिहासिक और पवित्र भूमि बताया। उन्होंने कहा कि मुक्तिनाथ और पशुपतिनाथ के दर्शन से उन्हें अत्यंत आत्मिक आनंद की अनुभूति हुई। उन्होंने यह भी कहा कि यदि नेपाल धार्मिक पर्यटन को प्राथमिकता दे, तो इससे देश की आर्थिक समृद्धि को बल मिलेगा।नेपाल के एक प्रमुख धार्मिक तीर्थस्थल के रूप में मुक्तिनाथ मंदिर न केवल भारत बल्कि अन्य देशों के पर्यटकों को भी आकर्षित करता है। इस प्रकार की उच्चस्तरीय यात्राएं न सिर्फ धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देती हैं, बल्कि नेपाल–भारत संबंधों को एक नई ऊंचाई पर भी ले जाने की अपेक्षा की जाती है।साथ ही, मंत्री खड्का ने स्थानीय पर्यटन विकास, आधारभूत संरचना विस्तार और धार्मिक स्थलों के संरक्षण के प्रति नेपाल सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।