SUNIL KUMAR
साहिबगंज: जिले के बोरियो थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है तथा मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 19 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे सूचना मिली कि बोरियो थाना क्षेत्र के ग्राम खिजुरिया (बांझी) में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।जांच के दौरान मृतका की पहचान मृतिका बाहा मुर्मू पिता होपा मुर्मू, निवासी कदमा, थाना बोरियो, जिला साहिबगंज के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत हुआ कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई है।मृतका की मां मरांगमई मरांडी के आवेदन के आधार पर बोरियो थाना कांड संख्या 20/26, दिनांक 21 फरवरी 2026 को भारतीय दंड संहिता की धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, साहिबगंज के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल आरोपी दिवाचंद हांसदा उर्फ देवा हांसदा, निवासी इजमाइल संथाली टोला, थाना बसनाही, जिला सहरसा (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के पास से मृतका का पोको कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया है।छापेमारी दल में बोरियो थाना प्रभारी रोहित कुमार, सिद्धार्थ शंकर टोप्पो, देव नारायण साहू तथा बोरियो थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
