Eksandeshlive Desk
कटकमसांडी /हजारीबाग : प्रखंड क्षेत्र का सबसे प्रसिद्ध छड़वा डैम इन दिनों खतरे की स्थिति में है। लगातार बारिश से डैम का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच जाने के कारण एक फाटक टूट गया, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ और हादसे की आशंका गहरा गई है। छडवा डैम फाटक टूटने की सूचना मिलते ही ओपी. पेलावल थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और डैम क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। उन्होंने डैम के दोनों किनारों पर घेरा बंदी की और स्थानीय लोगों से अपील की कि “डैम का फाटक बेहद जर्जर है ऐसे में लोग मछली पकड़ने के लिए अंदर न जाएं, किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है।
छडवा डैम में मछली पालन का ठेका लिए पप्पू कुशवाहा ने बताया कि हजारीबाग नगर निगम से लीज लिया गया था। मार्च–अप्रैल 2024 में करीब 25 लाख रुपए का मछली बीजा छोड़ा गया था लेकिन फाटक टूटने से लाखों का नुकसान हो गया है।उन्होंने कहा “मैंने नगर निगम और जिला प्रशासन को फोन पर सूचना दी है। जल्द ही लिखित रूप से भी नुकसान की जानकारी दूंगा।
छड़वा डैम से हजारीबाग शहर के साथ-साथ कंचनपुर, गदोखर और रोमी पंचायतों में पानी की आपूर्ति होती है। फाटक टूटने के बाद अब डैम में केवल 23 फीट पानी बचता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि फाटक की मरम्मत तत्काल नहीं हुई तो आने वाले दिनों में जलसंकट की स्थिति बन सकती है।
