छात्रा के शारीरिक शोषण के विरोध में धरना-प्रदर्शन, एफआइआर

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : पलामू जिले के पिपरा प्रखंड की दलपतपुर पंचायत में झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय भितिहा की अनाथ नाबालिक छात्रा से शारीरिक शोषण को लेकर शुक्रवार को 8 घंटे तक धरना प्रदर्शन किया गया। पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता और छात्रा के परिजन एवं ग्रामीणों ने प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा किया। मामले की गंभीरता देखते हुए छात्रा की बीती रात ही एमआरएमसीएच में मेडिकल जांच की गयी। शुक्रवार को इस संबंध में पोक्सो सहित अन्य धाराओं में पिपरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस छानबीन में जुटी है।

वार्डन चंदा कुमारी ने बताया कि विद्यालय की कक्षा 10 में पढ़ने वाली एक छात्रा लगभग 10.30 बजे विद्यालय से जन वितरण प्रणाली की ई-पॉश मशीन में अंगूठा लगाने की बात कह अपने परिचित के साथ विद्यालय से बाहर निकली थी। बाद में अपराह्न करीब दो बजे वापस स्कूल लौटी। वहीं सूचना पाकर छात्रा के परिजन जब विद्यालय पहुंचे तो लौटने पर उसकी हालत ठीक नहीं थी। वह नशे की हालत में लग रही थी। कुछ भी नहीं बता पा रही थी। छात्रा के माता-पिता जीवित नहीं हैं। मामले को गंभीरता को देखते हुए अभिभावकों तथा ग्रामीणों ने छात्रा के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए विद्यालय के बाहर पिछले 24 घंटे के दौरान करीब आठ घंटे तक प्रदर्शन किया।

घटना की सूचना पाकर छतरपुर एसडीओ आशीष गंगवार, डीएसपी अवध प्रसाद यादव, डीइओ सौरव प्रकाश, बीडीओ बिनय कुमार व थाना प्रभारी नकुल शर्मा ने विद्यालय जाकर मामले की जानकारी ली। इस मामले में छात्रा की चाची ने पिपरा थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है, जिसमें धारा बीएनएस 65 (1) तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दर्ज मामले के अनुसार छात्रा को सुल्तानी निवासी रंजन सिंह स्कॉर्पियो से विद्यालय के बाहर छोड़कर फरार हो गया। प्राथमिकी में छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का संदेह जताया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर छात्र की मेडिकल जांच करा दी है।

वहीं दूसरी ओर छात्रा के साथ अनहोनी की जानकारी मिलने पर प्रमुख विक्रांत सिंह यादव, मुखिया पति राजेंद्र यादव, रवि रौशन कुमार, प्रमोद कुमार रवि, सौरभ कुमार, अशोक सक्सेना सहित कई जनप्रतिनिधियों के साथ ग्रामीणों ने विद्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। जिला शिक्षा पदाधिकारी से विद्यालय की सुरक्षा बढ़ाने, लापरवाह गार्ड पर कार्रवाई करने, छात्राओं को भोजन और अन्य सुविधा सुदृढ़ करने की मांग की गई है। डीईओ ने सभी मामले की जांचोंपरांत कार्रवाई करने की बात कही है। इस संबंध में छतरपुर डीएसपी अवध यादव ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। पुलिस अनुसंधान कर रही है। दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।