Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित पार्टी के कई नेताओं ने बुधवार को संसद भवन के बाहर छत्तीसगढ़ में कैथोलिक ननों की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। प्रियंका गांधी ने पत्रकारों से कहा, “केरल की ननों के साथ अत्यंत खराब व्यवहार किया गया। उन्हें ऐसी चीजों में आरोपी बनाया गया, जो उन्होंने की ही नहीं। उन्हें पीटा गया और फिर छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा पकड़ लिया गया। हम अल्पसंख्यकों पर इस प्रकार के हमलों का विरोध कर रहे हैं।” प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और उनकी धार्मिक स्वतंत्रता को दबाने की कोशिश की जा रही है। प्रियंका ने इस गिरफ्तारी को राजनीति से प्रेरित करार दिया और इस तरह के कृत्यों की आलोचना की। केरल की नन वंदना फ्रांसिस और प्रीति को शुक्रवार को दुर्ग रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया था। इन दोनों पर जबरन कई लड़कियों का धर्मांतरण कराने और मानव तस्करी का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
वायनाड हादसे के पीड़ितों का कर्ज माफ करे केंद्र : कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने वायनाड क्षेत्र में पिछले साल हुए हादसे पर केंद्र सरकार के रवैये पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि एक साल बाद भी वायनाड हादसे के पीड़ित लोग संघर्ष कर रहे हैं। यह बेहद दुखद है कि सरकार ने पीड़ितों के लिए भेजी गई सहायता को ऋण के रूप में भेजा। पीड़ितों का कर्ज माफ किया जाना चाहिए। प्रियंका गांधी ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से कहा, “वह लोग उस ऋण को कैसे चुकाएंगे? केंद्र सरकार के लिए यह एक छोटी सी राशि है, प्रधानमंत्री को यह पैसा माफ कर देनी चाहिए।” प्रियंका ने कहा कि वह संसद में चल रही बहस के कारण वायनाड नहीं पहुंच सकीं, लेकिन उन्होंने वहां के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। यह वायनाड के लोगों के लिए बहुत कष्टदायक रहा है और वह उनके दुःख को बहुत गहरे से महसूस करती हैं, क्योंकि उन्हें वहां के लोगों से अपार प्रेम मिला है। प्रियंका ने कहा कि वायनाड के लोग इस त्रासदी से जल्दी उबरेंगे और अपने जीवन को आगे बढ़ा सकेंगे।