ईरान ने बहरीन में इजराइली दूतावास, कतर में एयर बेस को बनाया निशाना, बहरीन और यूएई में अमेजन डेटा सेंटर पर भी किया हमला

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

तेहरान/तेल अवीव : अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष ने पश्चिम एशिया के अधिकांश इलाके काे अपनी चपेट में ले लिया है। ईरान खाड़ी के देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों और उससे संबंधित इलाकों को लगातार निशाना बना रहा है। गुरुवार देर रात बहरीन की राजधानी मनामा में फाइनेंशियल हार्बर टावर्स को निशाना बनाया गया। वहीं बहरीन, कतर, सऊदी अरब और जॉर्डन में एयर डिफेंस सिस्टम लगातार उसके हमलों को इंटरसेप्ट कर रहे हैं। मौजूदा हालात के मद्देनजर कई देशों ने सुरक्षा अलर्ट जारी कर लोगों से घरों में रहने की अपील की है। तुर्किये की सरकारी न्यूज एजेंसी अनादोलु एजेंसी और ईरान की न्यूज एजेंसी फार्स के अनुसार बहरीन की राजधानी मनामा में रात के समय हुए हमलों में फ़ाइनेंशियल हार्बर टावर्स और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाया गया, जहां शहर में इज़राइली दूतावास स्थित है।

नागरिकों से घरों में रहने और अत्यंत आवश्यक होने पर ही बाहर निकलने की अपील

बहरीन डिफ़ेंस फ़ोर्स ने एक बयान में कहा कि ईरान की ओर से बहरीन के क्षेत्र को निशाना बनाकर दागी गई 78 मिसाइलें और 143 ड्रोन एयर डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिए। बहरीन डिफेंस फोर्स अपने सैनिकों की तैयारी और सतर्कता की सराहना करते हुए नागरिकों से घरों में रहने और केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही बाहर निकलने की अपील की है। सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि सेंट्रल अल-खारज गवर्नरेट के पूर्व में एक क्रूज मिसाइल को इंटरसेप्ट कर दिया। बाद में मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी कि रियाद क्षेत्र के पूर्व में तीन ड्रोन को भी मार गिराया गया। उधर कतर के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसकी एयर डिफेंस फोर्स ने दोहा स्थित अल उदीद एयर बेस को निशाना बनाकर किए गए एक ड्रोन हमले को विफल कर दिया। यह एयर बेस अमेरिका के लिए एक महत्वपूर्ण सैन्य ठिकाना माना जाता है। दोहा में सुबह करीब 4 बजे धमाकों की जोरदार आवाजें सुनीं गयीं, जो ईरान से आए ड्रोन को इंटरसेप्ट करने के दौरान हुई थीं। पिछले पांच दिनों में सैन्य बेस को निशाना बनाकर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं, जिनमें से एक को इंटरसेप्ट कर लिया गया जबकि दूसरी अपने लक्ष्य तक पहुंची, हालांकि नुकसान को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। उन्होंने बताया कि कतर में सभी संवेदनशील इलाकों के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। ईरान की ओर से पूरे गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (जीसीसी) क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और अन्य लक्ष्यों को निशाना बनाने का एक पैटर्न दिखाई दे रहा है और आने वाले दिनों में ऐसे हमले जारी रहने की आशंका बनी हुई है। इससे पहले अधिकारियों ने सुरक्षा खतरे का स्तर बढ़ने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से घरों के अंदर रहने और खिड़कियों तथा खुली जगहों से दूर रहने की सलाह दी थी। गुरुवार को भी दोहा में कई धमाकों की आवाजें सुनी गई थीं। इधर यूरोपीय संघ के नेताओं ने खाड़ी देशों के प्रति समर्थन जताया है। यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कैलास और अन्य नेताओं ने ब्रसेल्स में जीसीसी अधिकारियों के साथ बैठक कर खाड़ी देशों के खिलाफ ईरान के हमलों की निंदा की। वहीं शुक्रवार को जॉर्डन के शहर इरबिद में भी एयर डिफेंस सिस्टम ने कई ड्रोन हवा में ही नष्ट कर दिए। उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया के प्रमुख देशों में सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत, ओमान, बहरीन, यमन, इराक, ईरान, इजराइल, जॉर्डन, लेबनान, सीरिया, तुर्किये, साइप्रस और फिलिस्तीन शामिल हैं।

डेटा सेंटर समेत कई प्रतिष्ठानों पर हमलों की पुष्टि अमेजन वेब सर्विसेज ने भी की

पश्चिम एशिया में जारी सैन्य संघर्ष के बीच ईरान ने बहरीन एवं संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) स्थित अमेरिकी कंपनी अमेजन के डेटा सेंटर समेत कई प्रतिष्ठानों पर हमला किया। इन हमलों की पुष्टि अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) ने भी की है। तुर्किये की सरकारी न्यूज एजेंसी अनादोलु एजेंसी ने ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी फार्स के हवाले से बताया कि ईरान की आईआरजीसी ने बहरीन में अमेज़न के एक डेटा सेंटर पर ड्रोन हमला किया। एक अन्य मीडिया रिपोर्ट में राजधानी मनामा स्थित दो होटलों और एक रिहायशी इमारत को भी निशाना बनाए जाने की खबर है। बहरीन के गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इन हमलों से भौतिक क्षति हुई है, लेकिन किसी की जान नहीं गई। उल्लेखनीय है कि अमेजन एक अमेरिकी मल्टीनेशनल टेक्नोलॉजी कंपनी है, जो ई-कॉमर्स, क्लाउड कंप्यूटिंग, ऑनलाइन एडवरटाइजिंग, डिजिटल स्ट्रीमिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में काम करती है। फ़ार्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि यह हमला बहरीन स्थित अमेजन की एक फ़ैसिलिटी सेंटर को निशाना बनाकर किया गया। यह कार्रवाई दुबई में अमेजन के डेटा सेंटर और क्षेत्र की अन्य रणनीतिक साइटों के खिलाफ ईरान के हालिया अभियानों की एक शृंखला का हिस्सा थी। इस बीच अमेजन के क्लाउड कंप्यूटिंग डिवीजन अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) ने एक बयान में कहा कि यूएई में उसकी दो फैसिलिटी सेंटर पर सीधा हमला हुआ, जबकि बहरीन में उसकी एक फैसिलिटी सेंटर के पास ड्रोन हमले के कारण उसके इंफ्रास्ट्रक्चर को काफी नुकसान पहुंचा है। एडब्ल्यूएस ने बताया कि इन हमलों से ढांचे को नुकसान हुआ है, बिजली आपूर्ति बाधित हुई है और कुछ मामलों में आग बुझाने के प्रयास करने पड़े। आग बुझाने के दौरान इस्तेमाल किए गए पानी के कारण भी इंफ्रास्ट्रक्चर को अतिरिक्त नुकसान हुआ है।

Spread the love