एशियन चैंपियनशिप 2026: एलावेनिल ने 10 मीटर एयर राइफल में जीता स्वर्ण, मेघना को कांस्य

Sports

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : भारत की स्टार निशानेबाज़ एलावेनिल वलारिवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन चैंपियनशिप 2026 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतकर अपना खिताब बरकरार रखा। वहीं, मेघना सज्जनार ने इसी स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। यह मुकाबला शनिवार को डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज, नई दिल्ली में खेला गया।एलावेनिल ने फाइनल में 252.0 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। जापान की मिसाकी नोबाटा 251.5 अंकों के साथ रजत पदक पर रहीं, जबकि मेघना सज्जनार ने 229.5 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। यह एलावेनिल का 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में तीसरा एशियन चैंपियनशिप स्वर्ण पदक है। भारत की ही आर्या बोर्से (209.0) भी फाइनल में पहुंचीं, लेकिन वह चौथे स्थान पर रहीं और पदक से चूक गईं। क्वालिफिकेशन राउंड में एलावेनिल (633.7), आर्या बोर्से (630.3) और मेघना सज्जनार (628.6) की तिकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक भी दिलाया। तीनों का संयुक्त स्कोर 1892.6 रहा, जो इस इवेंट में सर्वश्रेष्ठ रहा। इसके अलावा श्रेया अग्रवाल (632.0) और सोनम उत्तम मस्कर (631.9) ने भी क्वालिफिकेशन राउंड में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। श्रेया तीसरे और सोनम चौथे स्थान पर रहीं, हालांकि रैंकिंग पॉइंट्स के लिए खेल रही होने के कारण वे फाइनल में जगह नहीं बना सकीं। एशियन चैंपियनशिप के इस संस्करण में अब तक भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है। सीनियर वर्ग में भारतीय निशानेबाज़ अब तक छह स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक जीत चुके हैं, जिससे पदक तालिका में भारत की स्थिति मजबूत बनी हुई है।

बॉक्सम एलीट : 12 भारतीय मुक्केबाज गोल्ड की दौड़ में, लवलीना 75 किग्रा फाइनल में पहुंचीं

ला नूसिया (स्पेन) : बॉक्सम एलीट इंटरनेशनल 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। टूर्नामेंट के चौथे दिन के मुकाबलों के बाद भारत के 12 मुक्केबाज (8 महिलाएं और 4 पुरुष) स्वर्ण पदक के लिए फाइनल में पहुंच चुके हैं। इनमें ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोर्गोहाईं भी शामिल हैं, जिन्होंने महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग में दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। महिलाओं के मुकाबलों में भारत का दबदबा साफ नजर आया। लवलीना ने वेल्स की रोसी एक्लेस को सर्वसम्मत फैसले से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं 54 किग्रा वर्ग में भारत का गोल्ड पहले ही पक्का हो गया है, जहां प्रीति और पूनम के बीच ऑल-इंडियन फाइनल खेला जाएगा। इसके अलावा महिलाओं के अन्य वर्गों में भी भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार खेल दिखाया। मंजू रानी (48 किग्रा), नीतू (51 किग्रा), प्रिया (60 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा) और नैना (80 किग्रा) ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई और भारत की गहराई और निरंतरता को साबित किया। पुरुष वर्ग में भी भारतीय मुक्केबाजों का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। 60 किग्रा वर्ग में सचिन ने इंग्लैंड के जैक ड्राइडन को हराकर फाइनल में जगह बनाई। 70 किग्रा में दीपक ने कजाकिस्तान के वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल्स के रजत पदक विजेता नुरबेक मुरसल के खिलाफ पहले ही राउंड में आरएससी से जीत दर्ज कर सभी का ध्यान खींचा। वहीं 75 किग्रा में आकाश और 80 किग्रा में अंकुश ने भी कजाक प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर गोल्ड मेडल मुकाबले में प्रवेश किया। कुल मिलाकर भारत शनिवार को होने वाले फाइनल मुकाबलों में सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व करने वाला देश है। भारत के बाद कजाकिस्तान (11), यूक्रेन (5) और मेजबान स्पेन (4) के मुक्केबाज फाइनल में उतरेंगे। भारत को कम से कम एक स्वर्ण पदक तो पक्का मिल चुका है, जबकि कई वर्गों में गोल्ड जीतने की प्रबल उम्मीद है। सेमीफाइनल में हार के बावजूद कुछ भारतीय मुक्केबाजों ने कांस्य पदक अपने नाम किए। महिलाओं में प्रांजल यादव (65 किग्रा), काजल (65 किग्रा), सनमाचा चानू (75 किग्रा) और मनकीरत कौर (80+ किग्रा) को कांस्य मिला। पुरुष वर्ग में जादुमणि सिंह (55 किग्रा), मोहम्मद हुस्सामुद्दीन (60 किग्रा) और हितेश गुलिया (70 किग्रा) ने कांस्य पदक जीता।

Spread the love