फंदे से लटका मिला महिला का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भाईबिगहा में मंगलवार को पुलिस ने एक महिला का शव उसके घर में फंदे से लटका हुआ बरामद किया। महिला की पहचान इरफान खान की पत्नी खुशबू परवीण (28) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में खुशबू के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट की जायेगी। शुरूआती छानबीन में पुलिस इसे खुदकुशी मानकर अनुसंधान कर रही है।

बताया जाता है कि मंगलवार सुबह खुशबू का शव कमरे में फंदे से झूलता मिला। फंदे से शव को लटका देखकर खुशबू के ससुराल पक्ष के लोग सकते में पड़ गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फंदे से शव को नीचे उतारा। परिजन के अनुसार घटना के वक्त मृतका के पति घर पर नहीं थे। इरफान सउदी अरब में हैं। वहीं रहकर नौकरी करते हैं। खुशबू ने वर्ष 2012 में इरफान खान से प्रेम विवाह किया था। इरफान के परिवार वाले इस शादी के खिलाफ थे। पंचायत के हस्तक्षेप के बाद यह विवाह संपन्न हुआ था। उसके तीन बच्चे हैं।

घटना की सूचना मिलने पर खुशबू के मायके वाले ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी को ससुराल वालों ने मारकर फंदे से लटका दिया है। मायके वालों का यह भी कहना है कि उसकी बेटी खुदकुशी नहीं कर सकती। ऐसे में पुलिस मामले को हत्या मानकर जांच करें और जल्द स्थिति स्पष्ट करके आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई करे। इधर हैदरनगर के थाना प्रभारी आइपीएस दिव्यांशु शुक्ला ने बताया कि इस संबंध में खुशबू के मायके पक्ष की ओर से आवेदन मिला है। हत्या का आरोप लगाया गया है। एफआइआर दर्ज की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना के समय खुशबू के पति और ससुर घर पर नहीं थे।